Amrit Bharat Express Update: देश के पश्चिमी हिस्से को पूर्वी भारत से जोड़ने के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने गुजरात के भुज से बिहार के बरौनी के बीच एक नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की हरी झंडी दे दी है। यह नई ट्रेन सर्विस हफ्ते में तीन दिन चलेगी और गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश व बिहार के बीच करीब 2532 किलोमीटर का लंबा सफर तय करेगी। इससे चार राज्यों के लाखों यात्रियों को आवाजाही के लिए एक बेहतरीन और नया विकल्प मिल जाएगा।
हफ्ते में 3 दिन चलेगी ट्रेन, जानिए इसका टाइम टेबल
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक भुज और बरौनी के बीच चलने वाली इस ट्रेन की समय सारणी और संचालन के दिन तय कर दिए गए हैं। भुज से बरौनी (ट्रेन संख्या 19427) भुज स्टेशन से शाम 17:30 बजे (5:30 बजे) रवाना होगी और सफर तय करते हुए तड़के 04:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। यह सेवा हफ्ते में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार को भुज से चलेगी। इसी तरह बरौनी से भुज (ट्रेन संख्या 19428) यानी वापसी वाली ट्रेन बरौनी स्टेशन से रात 23:55 बजे (11:55 बजे) निकलेगी और दोपहर 13:15 बजे (1:15 बजे) भुज पहुंचेगी। यह ट्रेन बरौनी से हफ्ते में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को रवाना होगी।
इन 20 से ज्यादा बड़े स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
यह नई अमृत भारत एक्सप्रेस अपने 2,532 किलोमीटर लंबे रूट पर चार राज्यों के कई महत्वपूर्ण शहरों और स्टेशनों को आपस में जोड़ेगी। रास्ते में ट्रेन के प्रमुख कमर्शियल स्टॉपेज में सामाख्याली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर शामिल हैं।
बिहार से गुजरात तक मजबूत होगी रेल कनेक्टिविटी
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू होने से देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा। गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच बार-बार सफर करने वाले आम यात्रियों, वर्कर्स और व्यापारियों को इस सीधी ट्रेन सेवा से काफी फायदा मिलने की उम्मीद है।