नोएडा में उद्योगों की नई लहर! 19 औद्योगिक प्लॉट पर लगी ₹238 करोड़ की बोली, हजारों नौकरियों के खुलेंगे रास्ते

Industrial plots in Noida: नोएडा में औद्योगिक विस्तार को लेकर उद्यमियों की दिलचस्पी का बड़ा संकेत सामने आया है। नोएडा अथॉरिटी की 19 औद्योगिक भूखंडों वाली योजना में 224 आवेदन मिले, जबकि 195 योग्य आवेदकों ने ई-ऑक्शन में हिस्सा लिया। इन भूखंडों का कुल आरक्षित मूल्य करीब ₹86 करोड़ था। लेकिन नीलामी में करीब ₹238 करोड़ की बोली लगी

अपडेटेड Sep 24, 2026 पर 3:03 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Industrial plots in Noida: इन भूखंडों पर अलग-अलग औद्योगिक परियोजनाएं स्थापित होने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी

Industrial plots in Noida: नोएडा में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अथॉरिटी की ओर से शुरू की गई 'इंडस्ट्रियल प्लॉट स्कीम' में बड़ी डील देखने को मिली है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत नोएडा प्राधिकरण ने 19 औद्योगिक भूखंडों के लिए स्कीम का ऐलान किया था। इन भूखंडों के लिए कुल 224 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 195 योग्य आवेदकों ने 23 सितंबर 2026 को आयोजित ई-ऑक्शन में हिस्सा लिया। यह ई-ऑक्शन एचडीएफसी बैंक के पोर्टल के माध्यम से कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आवेदक शामिल हुए। भारी संख्या में उद्यमियों ने नोएडा में औद्योगिक परियोजनाएं लगाने में रुचि दिखाई। अब इन भूखंडों पर अलग-अलग औद्योगिक परियोजनाएं स्थापित होने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

152 करोड़ की लगी अधिक बोली

नोएडा प्राधिकरण के इंडस्ट्रियल एजीएम प्रिया सिंह ने मनीकंट्रोल को बताया कि इन 19 औद्योगिक भूखंडों का कुल आरक्षित मूल्य करीब 86 करोड़ रुपये रखा गया था। हालांकि ई-ऑक्शन के दौरान आवेदकों की ओर से कुल करीब 238 करोड़ रुपये की बोली लगाई गई। यानी प्राधिकरण के निर्धारित आरक्षित मूल्य से करीब 152 करोड़ रुपये अधिक की बोली लगी।


इस योजना से नोएडा प्राधिकरण को आरक्षित मूल्य के मुकाबले करीब 152 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद जताई गई है। खास बात यह है कि इन भूखंडों के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से उद्यमियों ने बोली लगाई है। सफल आवेदकों की ओर से यहां औद्योगिक परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी, जिससे नोएडा में उद्योगों का दायरा बढ़ेगा।

हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

आपको बता दें कि इन औद्योगिक भूखंडों पर परियोजनाएं शुरू होने के बाद इसका असर सिर्फ निवेश तक सीमित नहीं रहेगा। बल्कि नोएडा में भारी संख्या में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। अलग-अलग कंपनियों और उद्यमियों की ओर से यहां अपनी कंपनियां लगाने के बाद हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेंगे।

इसके साथ ही इन परियोजनाओं के आसपास ट्रांसपोर्ट, सप्लाई, सर्विस, छोटे कारोबार और अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। एक औद्योगिक परियोजना के शुरू होने से उसके आसपास कई तरह के छोटे-बड़े कारोबार के लिए भी रास्ता खुलेगा।

डेवलपमेंट के बाद इलाके में बढ़ेगी रौनक

इन सभी औद्योगिक परियोजनाओं का जैसे-जैसे विस्तार होगा तो क्षेत्र का और तेजी से विकास देखने को मिलेगा। जहां अभी खाली जमीन या सीमित डेवलपमेंट दिखाई देता हैं, वहां उद्योग शुरू होने के बाद कर्मचारियों, कारोबारियों और वाहनों की आवाजाही बढ़ेगी। इससे आसपास के क्षेत्र में मार्केट, परिवहन, खान-पान और अन्य सेवाओं की मांग भी बढ़ेगी और इलाके की रौनक बदलेगी।

(नोएडा से सुमित राजपूत की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें- Success Story: कभी स्कूल में पढ़ाती थीं, अब ₹30 की ज्वेलरी से खड़ा किया विशाल कारोबार, 15 साल से हुनर को बना रहीं कमाई का जरिया

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।