Nishant Kumar Yoga Video: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का योगासन वीडियो क्यों हो रहा वायरल? सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

Nishant Kumar Yoga Video: बिहार की राजधानी पटना में 12वें इंटरनेशनल योग डे के मौके पर केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने योग किया। राज्य भर में 'हेल्दी एजिंग के लिए योग' (Yoga For Healthy Ageing) थीम के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए

अपडेटेड Jun 21, 2026 पर 12:09 PM
Nishant Kumar Yoga Video: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने एक साथ योगासन किया

Nishant Kumar Yoga Video: ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों के परेड मैदानों तक देशभर में बड़ी संख्या में लोगों ने रविवार (21 जून) को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित योग सत्रों में हिस्सा लिया। बिहार की राजधानी पटना में 12वें इंटरनेशनल योग डे के मौके पर केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने योग किया। राज्य भर में 'हेल्दी एजिंग के लिए योग' (Yoga For Healthy Ageing) थीम के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।

यह देश भर में मनाए जा रहे योग दिवस कार्यक्रमों का हिस्सा है। केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह ने योग की वैश्विक पहुंच और दुनिया भर में इसकी बढ़ती लोकप्रियता पर ज़ोर दिया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "आज दुनिया भर में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। योग एक बहुत सफल पहल है। जिस निर्वाचन क्षेत्र का मैं प्रतिनिधित्व करता हूं, वह योग का एक प्रमुख केंद्र है।" निशांत कुमार का योगासन वाला वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

निशांत ने क्या कहा?


पत्रकारों से बात करते हुए, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने नागरिकों को बधाई दी और राज्य भर की शिक्षा प्रणालियों में योग को शामिल करने के महत्व पर जोर दिया। कुमार ने न्यूज एजेंसी ANI कहा, "मैं देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मैंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि बिहार के सभी स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल किया जाए। इसमें आधे घंटे का योग सत्र होना चाहिए, जिसमें योग, ध्यान और योग निद्रा शामिल हों। हम इसे एक वैकल्पिक विषय के रूप में रखेंगे। छात्र चाहें तो इसमें भाग ले सकते हैं या नहीं।"

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र द्वारा अपनाए जाने के बाद योग को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दिया। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री का बहुत-बहुत धन्यवाद क्योंकि उनकी कोशिशों से संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को इंटरनेशनल योग डे के रूप में मान्यता दी। योग अब दुनिया भर में लोकप्रिय हो रहा है और इसके महत्वपूर्ण आध्यात्मिक लाभ हैं।"

बता दें कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद इंटरनेशनल योग डे मनाने का प्रस्ताव भारत ने पेश किया था। रिकॉर्ड 175 सदस्य देशों ने इसका समर्थन किया था। यह प्रस्ताव सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने जनरल असेंबली के 69वें सत्र की शुरुआत के दौरान अपने भाषण में पेश किया था। इस साल के आयोजन का विषय "हेल्दी एजिंग के लिए योग" (Yoga for Healthy Ageing) है, जो सभी उम्र के लोगों को एक्टिव, स्वतंत्र और व्यस्त रहने में योग की भूमिका पर ज़ोर देता है।

पीएम मोदी ने कोलकाता में किया योगासन

प्रधानमंत्री मोदी ने कोलकाता में इंटरनेशनल डे ऑफ योग (IDY) 2026 के राष्ट्रीय समारोह का नेतृत्व किया। पीएम मोदी ने कहा कि योग न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। बल्कि वैश्विक शांति का मार्ग प्रशस्त करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। दुनियाभर में जारी कई संघर्षों और भू-राजनीतिक तनावों के बीच PM मोदी की यह टिप्पणी इस बात को रेखांकित करती है कि भारत की यह प्राचीन पद्धति व्यक्तिगत स्वास्थ्य और कल्याण तक सीमित नहीं है। बल्कि इसमें समाजों में सामूहिक शांति और सद्भाव को बढ़ावा देने की भी क्षमता है।

ये भी पढ़ें- International Yoga Day 2026: '21 जून सामूहिक उत्सव का दिन बन गया है'; पीएम मोदी ने कोलकाता में 35,000 लोगों के साथ किया योग

पीएम मोदी ने कोलकाता के प्रतिष्ठित ‘रेड रोड’ पर हजारों लोगों की मौजूदगी में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह को संबोधित करते हुए योग से मिलने वाली संतुलित जीवनशैली और हर उम्र के लोगों द्वारा इस परंपरा को अपनाए जाने की जरूरत पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए कहा कि काम, खानपान और नींद में संतुलन दुखों को दूर करने की कुंजी है तथा योग लोगों को यह संतुलन हासिल करने का मार्ग दिखा सकता है।

नीचे यूजर्स के कुछ रिएक्शन देंखें:-

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।