Noida Airport: इस महीने शुरू होंगी जेवर से उड़ानें, पीएम मोदी इस दिन करेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन

Noida Airport: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (2 फरवरी) को कहा कि जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन इस महीने के आखिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं। सीएम योगी के इस बयान से यह संकेत मिलता है कि राज्य के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक ऑपरेशनल रेडीनेस के करीब है

अपडेटेड Feb 02, 2026 पर 3:15 PM
Story continues below Advertisement
Noida Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIAL) को आमतौर पर जेवर एयरपोर्ट के नाम से जाना जाता है

Noida International Airport Update: राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर एक बड़ी खुशखबरी आई है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो इस महीने जेवर से उड़ानें शुरू हो सकती हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (2 फरवरी) को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते हैं। यह शुरू होने के बाद यूपी का पांचवां इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम आदित्यनाथ ने कहा कि एयरपोर्ट तैयार है। एयरोड्रम लाइसेंस लेने का प्रोसेस अपने आखिरी स्टेज में है। सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "हमारा एयरपोर्ट तैयार है। एयरपोर्ट लाइसेंस से जुड़ी औपचारिकताएं आखिरी चरण में हैं। मुझे विश्वास है कि इस महीने प्रधानमंत्री एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।"

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट है जिसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत डेवलप किया जा रहा है। लगभग 1,300 हेक्टेयर में फैले इस प्रोजेक्ट का पहला चरण शुरू में सितंबर 2024 में शुरू होने वाला था। लेकिन काम पूरा होने में देरी के कारण ऐसा नहीं हो पाया। इसके उद्घाटन को लेकर डेडलाइन कई बार बढ़ाई गई है।


सीएम योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर से तेजी से आगे बढ़ा है। केंद्रीय बजट की विशेषताओं को लेकर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने दूरदर्शी बजट पेश करने के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहला बजट है जो कर्तव्य भवन से तैयार होकर सामने आया है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह बजट हर भारतीय को अपने कर्तव्यों का बोध कराता है। इसमें भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश की 25 करोड़ से अधिक आबादी गरीबी रेखा से बाहर निकलकर भारत की प्रगति में अपना योगदान दे रही है। उन्होंने कहा, "इसी का परिणाम है कि भारत आज दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है।"

मुख्यमंत्री ने कहा, "2015 में प्रधानमंत्री मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया था। उनका निरंतर आग्रह रहा है कि हमें राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों पर भी राष्ट्रव्यापी चर्चा का आह्वान किया था।"

आदित्यनाथ ने कहा, "हम मौलिक अधिकारों की तो बात करते हैं। लेकिन अपने कर्तव्यों पर चर्चा नहीं करते। राष्ट्र और समाज के प्रति प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों को समझना और निभाना आवश्यक है।" उन्होंने कहा कि युवा शक्ति, महिलाएं, गरीब और वंचित वर्ग को केंद्र में रखकर तथा पूरे देश में समान और समावेशी विकास के उद्देश्य से वित्त मंत्री ने वर्ष 2026-27 का बजट संसद में पेश किया है।

ये भी पढ़ें- Pune Porsche Case: सुप्रीम कोर्ट ने पुणे पोर्श कार हादसा मामले में 3 आरोपियों को दी जमानत, ब्लड सैंपल बदलने का था आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किए गए प्रयासों से यह सुनिश्चित हुआ है कि सरकारी नीतियां और योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें। बल्कि उनका स्पष्ट प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई दे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।