Noida International Airport flights: राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से उड़ान भरने का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए आखिरकार गुड न्यूज आ गई है। देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) आज यानी गुरुवार (7 मई) शाम से नोएडा एयरपोर्ट के लिए टिकट बुकिंग शुरू करने जा रही है। उत्तर प्रदेश के जेवर में स्थित नोएडा एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें 15 जून, 2026 से शुरू होने वाली हैं। इंडिगो एयरलाइंस आज से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए और वहां से आने वाली उड़ानों के टिकट बेचना शुरू कर देगी।
सूत्रों के अनुसार, NIA पर पहली फ्लाइट 15 जून को यूपी की राजधानी लखनऊ एयरपोर्ट से नोएडा के लिए होगी। नोएडा एयरपोर्ट का चालू होना उत्तर प्रदेश के जेवर में बने इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ, हैदराबाद, अमृतसर, बेंगलुरु समेत करीब 16 शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट मिलेगी। एयरपोर्ट का IATA कोड DXN अब IndiGo के सिस्टम पर भी दिखने लगा है। इससे यह संकेत मिलता है कि फ़्लाइट ऑपरेशन शुरू होने के करीब हैं।
लखनऊ से NIA लैंड कर सकती है पहली फ्लाइट
सूत्रों के अनुसार, इस एयरपोर्ट से जुड़ी पहली कमर्शियल फ्लाइट लखनऊ एयरपोर्ट और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच चलने की उम्मीद है। लखनऊ से IndiGo की पहली फ्लाइट 15 जून को इस नए एयरपोर्ट पर उतरने की संभावना है। अन्य शहरो के लिए भी नियमित शेड्यूल वाली फ्लाइट 15 जून 2026 से शुरू होंगी। इसमें रोजाना हैदराबाद-नोएडा और नोएडा-अमृतसर रूट शामिल हैं।
इसके बाद 16 जून 2026 को बेंगलुरु और जम्मू के लिए फ्लाइट्स शुरू होंगी। फिर 1 जुलाई 2026 से रूट का एक बड़ा ग्रुप शुरू होगा, जिसमें नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल, देहरादून, लखनऊ, जयपुर, पंतनगर और चंडीगढ़ जैसे शहर शामिल हैं।
बरेली और किशनगढ़ जैसे कुछ रूट सप्ताह के कुछ खास दिनों पर ही चलेंगे। सभी समय स्थानीय टाइम जोन के हिसाब से हैं। यह शेड्यूल रेगुलेटरी मंजूरी पर निर्भर है। IndiGo ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों के लिए बुकिंग उसकी वेबसाइट, ऐप और ट्रैवल पार्टनर्स के ज़रिए धीरे-धीरे शुरू की जा रही है।
16 शहरों में शुरू होगी फ्लाइट
एयरलाइन ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि शुरुआत में इंडिगो नोएडा एयरपोर्ट को चरणबद्ध तरीके से 16 से ज्यादा शहरों से जोड़ेगी। इनमें बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े मेट्रो शहर शामिल हैं। साथ ही लिस्ट में अमृतसर, चंडीगढ़, धर्मशाला, जयपुर, लखनऊ, पंतनगर और श्रीनगर जैसे कई टियर-II और टियर-III शहर भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, पहली कमर्शियल फ्लाइट लखनऊ एयरपोर्ट और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच चलने की उम्मीद है। लखनऊ से IndiGo की पहली फ़्लाइट 15 जून को इस हाईटेक एयरपोर्ट पर उतरने की संभावना है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) में तीसरा चालू एयरपोर्ट बन गया है। इसके साथ दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और गाजियाबाद का हिंडन एयरपोर्ट भी शामिल हैं। IndiGo के लिए यह कदम देश के एविएशन नेटवर्क में उसके दबदबे को और मजबूत करता है। खासकर ऐसे समय में जब पूरे भारत के शहरी और क्षेत्रीय बाजारों में हवाई यात्रा की मांग तेजी से बढ़ रही है।