Noida-Navi Mumbai flights: शुरू होते ही बंद हुई नोएडा-नवी मुंबई डायरेक्ट फ्लाइट, दो हफ्ते बाद ही Akasa Air ने सेवा रोकी, जानिए क्यों

Akasa Air ने सर्विस शुरू करने के बमुश्किल दो हफ्ते बाद ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच अपनी नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स रोक दी हैं। ऐसा करने वाली वह पहली एयरलाइन बन गई है जिसने भारत के दो सबसे नए एयरपोर्ट्स को जोड़ने वाले रूट पर अपना ऑपरेशन बंद किया है

अपडेटेड Jul 10, 2026 पर 1:49 PM
Noida-Navi Mumbai flights: आकासा एयर ने दो हफ्ते के अंदर ही नोएडा-नवी मुंबई नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स बंद कर दी है

Noida-Navi Mumbai flights: अकासा एयर ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच अपनी नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स सर्विस शुरू होने के महज दो सप्ताह बाद ही अस्थायी रूप से बंद कर दी है। यह एयरलाइन इन दोनों ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट्स के बीच सीधी कनेक्टिविटी देने वाली एकमात्र एयरलाइन थी। एयरलाइन ने 16 जून 2026 को इस रूट पर रोजाना नॉन-स्टॉप फ्लाइट QP 2017 शुरू की थी। लेकिन यह सेवा जून के अंत तक ही चल पाई। 1 जुलाई से इसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

अकासा एयर ने बताया कि नेटवर्क ऑप्टिमाइजेशन, यात्रियों की कमी, वेदर, कमजोर कनेक्टिविटी और नेटवर्क ऑप्टिमाइजेशन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। आकासा ने कहा कि यह रोक अस्थायी है। एयरलाइन के मुताबिक, नोएडा-नवी मुंबई उड़ान 1 अक्टूबर 2026 से फिर शुरू करने की योजना है।

Akasa Air का यह फैसला इस बात का संकेत है कि भारत के नए एयरपोर्ट्स पर आधुनिक सुविधाएं विकसित होने के बावजूद बेहतर कनेक्टिविटी और पर्याप्त यात्री संख्या सुनिश्चित करना अभी भी एयरलाइंस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।


मुंबई-नोएडा रूट पर दो अतिरिक्त उड़ानें शुरू

इस बीच, अकासा एयर ने नवी मुंबई की बजाय मुंबई-नोएडा रूट पर दो अतिरिक्त डेली उड़ानें शुरू कर दी हैं। साथ ही बेंगलुरु-नोएडा नॉन-स्टॉप सेवा भी 1 जुलाई से बंद कर दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि नोएडा और नवी मुंबई दोनों नए एयरपोर्ट अभी सड़क और रेल कनेक्टिविटी की समस्याओं से जूझ रहे हैं। एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए महंगे टैक्सी किराए, मेट्रो और रैपिड रेल की कमी तथा अपेक्षाकृत अधिक एयरपोर्ट शुल्क के कारण यात्रियों की संख्या उम्मीद से कम रही।

एयरलाइन पहले ही जता चुकी थी चिंता

एयरलाइंस पहले भी एयरपोर्ट्स इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी (AERA) के सामने नोएडा एयरपोर्ट की ऊंची फीस और कमजोर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर चिंता जता चुकी हैं। फिलहाल, नोएडा एयरपोर्ट पर इंडिगो ने अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए 1 जुलाई से 31 नई दैनिक उड़ानें शुरू की हैं। जबकि अकासा एयर ने अपने नेटवर्क में बदलाव करते हुए कुछ रूट्स को अस्थायी रूप से बंद किया है। अकासा एयर का यह फैसला दिखाता है कि भारत के नए एयरपोर्ट्स पर परिचालन शुरू होने के बावजूद यात्रियों की मांग और इंफ्रास्ट्रक्चर की चुनौतियां अभी भी एयरलाइंस के लिए बड़ी परीक्षा बनी हुई हैं।

यात्रियों पर क्या होगा असर?

नोएडा और नवी मुंबई के बीच सीधी उड़ान बंद होने से अब यात्रियों को फिलहाल कनेक्टिंग फ्लाइट या अन्य वैकल्पिक रूट्स का सहारा लेना पड़ेगा। हालांकि अकासा एयर का कहना है कि यदि मांग और परिचालन स्थितियां अनुकूल रहीं तो 1 अक्टूबर 2026 से यह सेवा फिर शुरू कर दी जाएगी। इस बीच, IndiGo ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपने नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया है।

ये भी पढ़ें- Delhi Power Cut Alert: कल 11 जुलाई को दिल्ली के इन इलाकों में होगी बिजली कटौती, BSES ने जारी किया मेंटेनेंस शेड्यूल

एयरलाइन ने 1 जुलाई से 31 नई दैनिक उड़ानें शुरू की हैं, जिससे अब उसका नेटवर्क 15 शहरों तक पहुंच गया है। जब 16 जून को नोएडा एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट्स शुरू हुई थीं, तब इंडिगो और अकासा एयर मिलाकर कुल 12 दैनिक उड़ानें संचालित कर रही थीं। इनमें इंडिगो की 8 और अकासा की 4 उड़ानें शामिल थीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।