Greater Noida: ग्रेटर नोएडा स्थित सैनी गांव के किसानों के लिए बुधवार (30 सितंबर) का दिन बड़ी राहत लेकर आया। लंबे समय से लंबित छह फीसदी आबादी भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने आगे बढ़ाते हुए 39 किसानों को कुल 58 आबादी भूखंड आवंटित कर दिए। प्राधिकरण के बोर्ड रूम में किसानों की मौजूदगी में समान आकार वाले 18 भूखंडों का ड्रा कराया गया। वहीं, अलग-अलग आकार के होने के कारण 40 भूखंडों के लिए ड्रा कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी और इन्हें संबंधित किसानों के नाम सीधे आवंटित कर दिया गया।
आबादी भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया ओएसडी गुंजा सिंह की अध्यक्षता में पूरी की गई। ड्रा की पूरी प्रक्रिया किसानों की मौजूदगी में कराई गई, जिससे आवंटन में पारदर्शिता बनी रहे। समान आकार वाले भूखंडों के लिए पात्र किसानों के बीच ड्रा कराया गया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित किसानों को भूखंड आवंटित किए गए।
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, सैनी गांव के किसानों की जमीन का अधिग्रहण किए जाने के बाद से छह फीसदी आबादी भूखंडों का आवंटन लंबे समय से लंबित था। किसान लगातार इन भूखंडों के आवंटन की मांग कर रहे थे। अब प्राधिकरण की ओर से प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद 39 किसानों को उनके हक के आबादी भूखंड मिल गए हैं। इससे किसानों को बड़ी राहत मिली है।
18 भूखंडों के लिए कराया गया ड्रा
बुधवार को कराए गए ड्रा में समान आकार वाले 18 भूखंड शामिल थे। ये भूखंड 17 किसानों से संबंधित थे। चूंकि इन भूखंडों का आकार समान था, इसलिए पात्र किसानों के बीच ड्रा के माध्यम से आवंटन किया गया। किसानों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। ड्रा के दौरान प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी और किसान मौजूद रहे।
वहीं, 40 भूखंडों का आकार अलग-अलग होने के कारण उनके आवंटन के लिए ड्रा की जरूरत नहीं थी। इन भूखंडों को पात्र किसानों के नाम सीधे आवंटित कर दिया गया। इस तरह कुल 58 आबादी भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो गई।
सीईओ ने दिए थे शीघ्र आवंटन के निर्देश
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सैनी गांव के पात्र किसानों को छह फीसदी आबादी भूखंड जल्द आवंटित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नियोजन विभाग और छह फीसदी आबादी भूखंड विभाग ने लंबित प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कार्रवाई तेज की। अधिकारियों के मुताबिक, पात्रता और भूखंडों से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को आवंटन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया।
अन्य गांवों के किसानों को भी जल्द आवंटन का भरोसा
प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह ने कहा कि किसानों को छह फीसदी आवासीय भूखंड देना प्राधिकरण की पहली प्राथमिकता है। सैनी गांव में आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसी तरह अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी आबादी के भूखंड शीघ्र आवंटित किए जाएंगे।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई से उन किसानों को भी उम्मीद जगी है, जिनके छह फीसदी आबादी भूखंड अभी लंबित हैं। अधिकारियों का कहना है कि पात्र किसानों से संबंधित मामलों में प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द भूखंड आवंटित करने का प्रयास किया जा रहा है।
ड्रा के दौरान ओएसडी गुंजा सिंह के अलावा नियोजन विभाग के प्रभारी महाप्रबंधक सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार, प्रबंधक कपिल तोंगड़ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। किसानों की मौजूदगी में हुई आवंटन प्रक्रिया के साथ सैनी गांव के 39 किसानों को 58 छह फीसदी आबादी भूखंड मिलने का इंतजार समाप्त हो गया।
(नोएडा से सुमित राजपूत की रिपोर्ट)