Noida News: राजधानी दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर के शहरी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब शहरवासी अपनी छतों पर सब्जियां और औषधीय पौधे उगा सकेंगे। उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से रूफ टॉप गार्डनिंग योजना वर्ष 2026-27 चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के साथ जैविक और रसायनमुक्त ताजी सब्जियों व औषधीय पौधों के उत्पादन को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत गौतमबुद्ध नगर को कुल 700 रूफ टॉप गार्डनिंग किट का लक्ष्य मिला है।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शहरी क्षेत्रों में छत पर बागवानी (टेरेस गार्डनिंग) को बढ़ावा देने के लिए ₹10,000 मूल्य की रूफटॉप गार्डनिंग किट योजना चलाई जा रही है। जिला उद्यान निरीक्षक ऋचा शर्मा के मुताबिक लाभार्थियों का चयन 'पहले आओ पहले पाओ' के आधार पर किया जा जा रहा हैं। आप किस तरह कर सकते है आवेदन जानिए इसका आसान तरीका है.....
इन साइट्स पर जाकर कर सकते है आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए विभागीय पोर्टल dbt.uphorticulture.in या up-dbt.uphorticulture.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन और आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद सभी जरूरी दस्तावेजों की हार्ड कॉपी जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में जमा कराना अनिवार्य होगा।
वहीं, जिन लोगों को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी है, वे अपने सभी मूल दस्तावेज और उनकी फोटोकॉपी लेकर कार्यालय पहुंच सकते हैं। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय से उनका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने में मदद करेंगे। आवेदन के लिए कम से कम 100 वर्ग फीट खुली छत होना जरूरी है।
कीट में ये चीजें होगी शामिल
चयनित लाभार्थियों को रूफ टॉप गार्डनिंग के लिए पूरी किट उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें सब्जी और औषधीय पौधों के बीज व पौधे, आयताकार और गोल HDPE ग्रो-बैग, कोकोपीट, ग्रोयर, वर्मीकम्पोस्ट और जैविक खाद शामिल होगी। इसके अलावा किट में हजारा यानी वॉटरिंग कैन, खुरपी और जैविक सुरक्षा के लिए नीम ऑयल भी दिया जाएगा। इन सामग्रियों की मदद से लोग अपनी छत पर टमाटर, धनिया, पालक, मिर्च जैसी सब्जियों के साथ अलग-अलग औषधीय पौधे भी उगा सकेंगे। इससे घर में ताजी सब्जियां उपलब्ध कराने के साथ छत के खाली स्थान का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
आवेदन के लिए ये डॉक्यूमेंट्स जरूरी
रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदकों को सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने होंगे। इनमें आधार कार्ड, बैंक पासबुक की स्पष्ट कॉपी या कैंसिल चेक, नगर निगम/नगर पालिका/स्थानीय निकाय क्षेत्र में निवास का प्रमाण जैसे प्राधिकरण का आवंटन पत्र, बिजली का बिल, पानी का बिल या हाउस टैक्स की रसीद आदि शामिल हैं।
इसके अलावा दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, चालू मोबाइल नंबर, छत की जियोटैग फोटो और 10 रुपये के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र देना होगा। शपथ पत्र में यह प्रमाणित करना होगा कि आवेदक के पास रूफटॉप गार्डनिंग के लिए कम से कम 100 वर्ग फीट खुली छत उपलब्ध है। सभी दस्तावेजों की मूल प्रति और फोटोकॉपी साथ रखना जरूरी है।
ऑफलाइन इस पते पर कर सकते हैं आवदेन
जिला उद्यान विभाग निरीक्षक ऋचा शर्मा ने बताया कि योजना के तहत किट की संख्या 700 तक सीमित है। चयन प्रथम आओ-प्रथम पाओ के आधार पर होगा। ऐसे में इच्छुक शहरी नागरिक बिना देरी अपने दस्तावेज तैयार कर आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन करने वालों को हार्ड कॉपी जमा करना जरूरी है। जबकि ऑफलाइन सुविधा चाहने वाले सीधे कार्यालय पहुंचकर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। आवेदन और दस्तावेज जमा कराने के लिए जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, ग्रेटर नोएडा, गौतमबुद्ध नगर में संपर्क कर सकते हैं।
(नोएडा से सुमित राजपूत की रिपोर्ट)