Odisha Tornado: ओडिशा के मयूरभंज जिले में रविवार (15 मार्च) को आए भीषण तूफान ने जमकर कहर बरपाया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, अधिकारियों ने बताया कि 200 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, तूफान की चपेट में आने से जिले के 12 गांवों में भारी नुकसान हुआ। तेज हवाओं के कारण कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए।
उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे (NH) 220 पर आए बवंडर में पी. नाइक (54) और मालती महंत (45) की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को क्योंझर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इसके अलावा, लगभग 40 अन्य लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग सहित स्थानीय प्रशासन गांवों की ओर रवाना हुआ और बचाव व पुनर्निर्माण कार्यों की निगरानी शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के परिवारों को सरकार नियमों के अनुसार चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए मयूरभंज जिले के लिए सोमवार के दिन 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। जबकि सुंदरगढ़, क्योंझर, बालासोर और भद्रक जिलों के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा रायगढ़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति जिलों में सोमवार को बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश होने की आशंका है। तूफान ने नेशनल हाईवे (NH)-220 के किनारे बसे गांवों पर शाम करीब 4 बजे हमला किया और लगभग 30 मिनट तक रहा।
इससे गांवों में भारी तबाही मच गई। मयूरभंज के जिला कलेक्टर (DC) हेमाकांत सोय ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य आपदा राहत कोष (SDRF) से मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
अधिकारियों ने बताया कि तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। घरों की छतें उड़ गईं और गाड़ियां सड़क से बह गई। एक घटना में हवा ने एक ऑटोरिक्शा को उठाकर पास के एक तालाब में फेंक दिया। कई मोटरसाइकिलें भी सड़क से दूर जा गिरीं।
अधिकारियों ने बताया कि एक घर पूरी तरह से उड़ गया। जबकि कई अन्य घरों को भारी नुकसान पहुंचा। निवासियों ने बताया कि अचानक आए इस तूफान से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को बचाकर करंजिया सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि वे अभी भी गंभीर रूप से घायल लोगों की संख्या का पता लगा रहे हैं।