Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के जरिए आज एक बार फिर देश को संबोधित किया। इस बार पीएम का पूरा फोकस भारत की युवा पीढ़ी और उनके द्वारा परंपरा व आधुनिकता के अनूठे संगम पर रहा। पीएम मोदी ने विशेष रूप से 'भजन क्लबिंग' जैसे नए सांस्कृतिक रुझानों का जिक्र करते हुए कहा कि आज का युवा भक्ति को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहा है, जो 'विकसित भारत' के लिए एक पॉजिटिव संकेत है।
भारत में बढ़ रहा 'भजन क्लबिंग' का क्रेज
प्रधानमंत्री ने देश के शहरों में युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहे 'भजन क्लबिंग' के फिनोमिना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी (Gen Z) ने भक्ति को केवल मंदिरों तक सीमित न रखकर उसे आधुनिक सोशल गैदरिंग का हिस्सा बना दिया है।पीएम ने खुशी जताई कि युवा इन आधुनिक आयोजनों में भी भजनों की पवित्रता और गरिमा को बनाए रख रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल होते ऐसे वीडियो भारत की गहरी सांस्कृतिक जड़ों को दर्शाते हैं।
'जन्मदिन जैसा मनाएं नेशनल वोटर्स डे'
आज यानी 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने युवाओं से एक खास अपील की। उन्होंने कहा कि जब कोई युवा पहली बार वोट डालने जाए, तो उस अनुभव को उसके जन्मदिन की तरह उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए।नेशनल वोटर्स डे 1950 में चुनाव आयोग की स्थापना की याद में मनाया जाता है। पीएम ने कहा कि ऐसी सामुदायिक भागीदारी से लोकतांत्रिक जागरूकता और मजबूत होगी।
स्टार्टअप इकोसिस्टम में दुनिया में तीसरे स्थान पर भारत
पिछले एक दशक के बदलावों को याद करते हुए पीएम मोदी ने स्टार्टअप सेक्टर में भारत की लंबी छलांग का जिक्र किया। 2016 में शुरू हुई पहलों का नतीजा है कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। भारतीय युवा अब केवल ई-कॉमर्स ही नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्पेस टेक्नोलॉजी, न्यूक्लियर एनर्जी, सेमीकंडक्टर्स और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे जटिल क्षेत्रों में भी दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने युवा उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी महत्वाकांक्षा भारत की अर्थव्यवस्था को नया आकार दे रही है। उन्होंने जैव प्रौद्योगिकी और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को वैश्विक मंच पर भारत की मजबूती का आधार बताया।