Gurugram Traffic Challan: गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसी बाइक के खिलाफ ऐक्शन लिया है, जिस पर 1-2 नहीं बल्कि 50 चालान बकाया थे, वहीं जब इस बाइक पर जुर्माने की रकम निकाली गई तो खुद अधिकारी भी उसे जानकर हैरान रह गए। दरअसल इस बाइक पर कुल 3.22 लाख रुपए की जुर्माने की रकम पेंडिंग निकली, जिसके बाद CRPF चौक के पास चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान विभाग ने इस बाइक को जब्त कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, बाइक पर ज्यादातर चालान बिना हेलमेट गाड़ी चलाने, वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) नहीं होने और नंबर प्लेट के बिना बाइक चलाने जैसे उल्लंघनों के लिए काटे गए थे। इसके अलावा भी ट्रैफिक नियमों से जुड़े कई उल्लंघन सामने आए।
जानकारी के अनुसार, CRPF चौक पर तैनात जोनल अधिकारी ASI संदीप अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बाइक को रुकवाया और चालक से गाड़ी के दस्तावेज दिखाने को कहा। हालांकि, बाइक सवार कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया।
वहीं, जांच करने पर पुलिस को पता चला कि मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के अलग-अलग प्रावधानों के तहत उस मोटरसाइकिल पर 50 चालान बकाया थे, जिनका कुल जुर्माना 3,22,500 रुपये था।
ट्रैफिक पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, "बकाया चालानों की वजह से नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया और उसे तय पार्किंग जगह पर खड़ा कर दिया।"
हालांकि, पुलिस ने अभी यह जानकारी नहीं दी है कि बाइक पर ये 50 चालान कितने समय के दौरान काटे गए थे।
काया चालान नहीं भरे तो होगी कार्रवाई, गुरुग्राम पुलिस चला रही विशेष अभियान
बता दें कि गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ खास अभियान चला रही है। इन अभियानों के तहत, उन वाहन मालिकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है, जिन्होंने लंबे समय से अपने बकाया चालान का भुगतान नहीं किया है।
पुलिस ने बताया कि वाहन चालकों को उनके बकाया चालान के बारे में भी जानकारी दी जा रही है और उन्हें समय पर बकाया राशि का भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
गुरुग्राम पुलिस की वाहन चालकों को सलाह
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने वाहन चालकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें और वैध बीमा और PUC सर्टिफिकेट समेत गाड़ी से जुड़े जरूरी दस्तावेजों को अपडेट रखें।
प्रवक्ता ने कहा कि वाहन चालकों से बकाया चालान समय पर भरने का भी आग्रह किया गया, क्योंकि वाहन चालकों और सड़क का इस्तेमाल करने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करना जरूरी है।