पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले की शुरुआत जांच काफी कुछ निकल कर सामने आ रहा है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पहलगाम में हमले में शामिल आतंकवादी हेलमेट पर लगे कैमरों से लैस थे और उन्होंने पूरी घटना को कैद कर लिया था। पहलगाम में हथियारों से लैस आतंकियों ने नागरिकों ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस आतंकी हमले में कम से कम 26 पर्यटक मारे गए हैं। यह हमला बैसरन में हुआ, जहां मंगलवार सुबह पर्यटकों का एक ग्रुप घूमने गया था। पाकिस्तान के प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा (LeT) आतंकी समूह से जुड़े- रेजिस्टेंस फ्रंट ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
जांच के अनुसार, तीन आतंकवादियों ने पर्यटकों में से महिला और पुरुषों को अलग किया। फिर उनकी पहचान की। कुछ पीड़ितों को स्नाइपर की तरह दूर से गोली मारी गई, जबकि कई घायल ज्यादा खून बहने के कारण दम तोड़ गए।
जांच से ये भी पता चला कि हमले के लिए बैसरन घाटी को इसलिए भी चुना गया क्योंकि यहां बड़ी संख्या में टूरिस्ट आते हैं, जिससे आतंकी ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचा सकें। साथी ही यहां सुरक्षा बल रेस्क्यू करने के लिए समय से नहीं पहुंच पाएंगे।
कैसे हुई आतंकवादियों की पहचान?
जांच के अनुसार, एक वीडियो से ली गई तस्वीरों में से दो आतंकवादियों की पहचान की गई। एजेंसियों को शक है कि हमलावरों में दो कश्मीरी भी हैं, जो ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान गए थे।
जांच से पता चला कि बैसरन के जंगलों में पेनेट्रेटिंग रडार का इस्तेमाल किया गया था, ताकि यह देखा जा सके कि कहीं आतंकवादी जंगलों में छिपे तो नहीं हैं। इसके अलावा, सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की ज्वाइंट टीम ने हवाई निगरानी भी शुरू की थी।
सऊदी अरब की अपनी यात्रा बीच में छोड़ कर लौटे PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सऊदी अरब यात्रा बीच में ही छोड़ दी और पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर स्थिति पर चर्चा करने के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करने के लिए भारत पहुंचे। उन्होंने कहा कि "इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा"।