Budget Session 2026: 'EU के साथ FTA महत्वाकांक्षी भारत के लिए है'; PM मोदी ने इंडस्ट्री से की मौके का पूरा फायदा उठाने की अपील

Budget Session 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (29 जनवरी) को भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को देश की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में एक अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह एक "आकांक्षी भारत" के उदय का प्रतीक है। यह उद्योग, किसानों और युवाओं के लिए बड़े अवसर खोलेगा

अपडेटेड Jan 29, 2026 पर 12:41 PM
Story continues below Advertisement
Budget Session 2026: संसद के बजट सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत से पहले पीएम मोदी ने पत्रकारों को संबोधित किया

Budget Session 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (29 जनवरी) को कहा कि यूरोपियन यूनियन (EU) के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) एक महत्वाकांक्षी भारत के लिए है। पीएम मोदी ने कहा कि इससे देश के मैन्युफैक्चरर्स के लिए नए बाजार खुलेंगे। उन्होंने इंडस्ट्री से इस मौके का पूरा फायदा उठाने की अपील की।

बजट सत्र की शुरुआत में संसद भवन परिसर में अपने पहले पारंपरिक संबोधन में प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि देश लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश लंबे समय के समाधानों की दिशा में काम कर रहा है। पीएम ने कहा कि अब बाधाएं पैदा करने का नहीं, बल्कि समाधान खोजने का समय है।

पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार सिर्फ फाइलों तक सीमित नहीं है। बल्कि यह सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा, "देश के चौतरफा विकास के लिए उठाए जा रहे सभी कदमों में हमारी प्राथमिकता हमेशा मानव-केंद्रित रही है।"


प्रधानमंत्री ने कहा कि एक आत्मविश्वासी भारत पूरी दुनिया के लिए आशा की किरण बनकर उभरा है। उन्होंने दोहराया कि EU के साथ FTA एक ​​महत्वाकांक्षी भारत के विजन को दिखाता है। पीएम ने कहा कि देश के उत्पादकों और निर्यातकों के लिए एक बड़ा अवसर प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा, "एक नया बाजार खुल गया है। यह 27 यूरोपियन यूनियन सदस्य देशों को क्वालिटी वाले प्रोडक्ट सप्लाई करने का अवसर प्रदान करता है।" प्रधानमंत्री ने भारतीय मैन्युफैक्चरर्स से इन नए बाज़ारों में अपनी मौजूदगी को मजबूत करने का आग्रह किया।

भारत और यूरोपियन यूनियन ने मंगलवार को FTA पर बातचीत पूरी होने की घोषणा की। इसे 'मदर ऑफ ऑल डील्स' बताया जा रहा है। इस समझौते के तहत भारत के 93 प्रतिशत निर्यात को 27 देशों वाले यूरोपियन यूनियन में ड्यूटी-फ्री एक्सेस मिलेगा। जबकि EU से लग्जरी कारों और वाइन का आयात सस्ता हो जाएगा।

लगभग दो दशकों की बातचीत के बाद हुआ यह समझौता भारत और यूरोपियन यूनियन के बीच लगभग दो अरब लोगों का एक साझा बाजार बनाएगा। भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। जबकि यूरोपियन यूनियन दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा आर्थिक समूह है।

बुधवार को संसद के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह 140 करोड़ नागरिकों के आत्मविश्वास की अभिव्यक्ति थी। इसने देश के युवाओं की आकांक्षाओं को उजागर किया।

ये भी पढ़ें- 'राष्ट्रपति का अभिभाषण 140 करोड़ लोगों के विश्वास की अभिव्यक्ति है'; बजट सत्र से पहले पीएम मोदी ने विपक्ष से की सहयोग की अपील

उन्होंने यह भी कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को अपना लगातार नौवां बजट पेश करने जा रही हैं, जिससे वह ऐसा करने वाली देश की एकमात्र महिला वित्त मंत्री बन जाएंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र में एक बहुत ही गौरवशाली अध्याय है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।