Parliament Budget Session 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (29 जनवरी) को बजट सत्र से पहले संसद परिसर में पत्रकारों से कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि इसमें युवाओं की आकांक्षाओं को रेखांकित किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि निर्मला सीतारमण देश की पहली महिला वित्त मंत्री हैं जो लगातार नौवीं बार देश की संसद में बजट पेश करने जा रही हैं।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यूरोपियन यूनियन के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट भारत के लिए एक बड़ा कदम है। मैन्युफैक्चरर्स को उनके लिए खुल रहे नए बाजारों का फायदा उठाना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि एक नया बाजार खुला है, जिसमें ईयू के 27 सदस्य देशों को गुणवत्ता वाले उत्पाद मिलेंगे।
पीएम मोदी ने कहा, "कल आदरणीय राष्ट्रपति जी ने कई मार्गदर्शन वाली बाते हम सभी के सामने रखी थी। सत्र के प्रारंभ में राष्ट्रपति जी ने सांसदों से अपेक्षाएं व्यक्त की हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि सभी सांसदों ने उनकी बातों को गंभीरता से लिया होगा। यह सत्र अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण सत्र होता है। यह बजट सत्र है। 21वीं सदी का 1/4 हिस्सा बीत चुका है और यह 2/4 की शुरुआत हो रही है। 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए यह दौर शुरू हो रहा है।"
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' पर बहुत तेजी से चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "देश का ध्यान बजट की तरफ होना स्वाभाविक है। लेकिन इस सरकार की पहचान रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म रही है। अब, हमने 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' पर तेजी से शुरुआत की है। मैं इस 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' को गति देने में उनके सकारात्मक योगदान के लिए सभी सांसदों का आभार व्यक्त करता हूं। नतीजतन, 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' गति पकड़ रही है।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शुक्रवार को संसद परिसर में औपचारिक स्वागत किया गया। मुर्मू जब बग्घी में सवार हो कर संसद भवन पहुंचीं तब उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला तथा सरकार द्वारा सांस्कृतिक प्रतीक के रूप में अपनाए गए ‘सेंगोल (राजदंड)’ को धारण किए एक अधिकारी ने उनका अभिनंदन किया। राष्ट्रपति ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया, जिसके साथ ही बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई।
1 फरवरी को पेश होगा आम बजट
विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) के कई घटक दलों के नेताओं ने बुधवार को संसद के बजट सत्र की रणनीति को लेकर चर्चा की। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन ख[]गे के संसद भवन स्थित कार्यालय में हुई बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश, DNK नेता टी आर बालू, समाजवादी पार्टी के सांसद जावेद अली खान और कुछ अन्य दलों के नेता शामिल हुए।
सूत्रों का कहना है कि विपक्षी दल मनरेगा, SIR, विदेश नीति और कुछ अन्य विषय उठाएंगे। साथ ही सरकार से जवाब मांगेंगे। संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होकर दो अप्रैल तक चलेगा। केंद्रीय बजट 1 फरवरी (रविवार) को पेश किया जाएगा। सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा।