PM Modi: पश्चिम एशिया संकट के बीच पीएम मोदी का बड़ा कदम, कतर-फ्रांस-जॉर्डन और ओमान के नेताओं से की बातचीत
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कतर, फ्रांस, जॉर्डन, ओमान और मलेशिया के नेताओं से बात की और पश्चिम एशिया में बिगड़ती स्थिति पर चिंता व्यक्त की। तनाव को कम करने की अपील करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की।
PM मोदी ने कतर, फ्रांस, जॉर्डन और ओमान के नेताओं के साथ की बातचीत
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कतर, फ्रांस, जॉर्डन, ओमान और मलेशिया के नेताओं से बात की और पश्चिम एशिया में बिगड़ती स्थिति पर चिंता व्यक्त की। पश्चिम एशिया में संघर्ष को कम करने की अपील करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की।
पांचों नेताओं से अलग-अलग टेलीफोन पर हुई बातचीत में, प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए बातचीत और कूटनीति की जरूरत पर जोर दिया और होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित और स्वतंत्र नेविगेशन पर बल दिया।
पीएम मोदी ने दी ईद की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, "मैंने अपने भाई, कतर के अमीर महामहिम एच एच शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बात की और उन्हें और कतर के लोगों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।"
उन्होंने दोहराया कि भारत कतर के साथ एकजुटता से खड़ा है और क्षेत्र के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करता है।
पीएम मोदी ने “भारतीय समुदाय को दी गई देखभाल और सहायता के लिए आभार व्यक्त किया और क्षेत्र में शांति और स्थिरता की कामना की। उन्होंने कहा, हम होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और स्वतंत्र रुप से आवागमन के पक्षधर हैं।”
जॉर्ड के राजा से पीएम मोदी ने की बात
जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय को “मेरा भाई” बताते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हमने पश्चिम एशिया में बिगड़ती स्थिति पर चिंता व्यक्त की और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए संवाद और कूटनीति की आवश्यकता पर बल दिया। पश्चिम एशिया में ऊर्जा संरचना पर हमले निंदनीय हैं और इनसे अनावश्यक तनाव बढ़ सकता है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और जॉर्डन माल और ऊर्जा के निर्बाध पारगमन के पक्षधर हैं। उन्होंने आगे कहा, “क्षेत्र में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी में जॉर्डन के प्रयासों की हम तहे दिल से सराहना करते हैं।”
पीएम मोदी ने इमैनुएल मैक्रों से की बात
X पर एक अन्य पोस्ट में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात की।
उन्होंने कहा, “मैंने अपने प्रिय मित्र, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन से पश्चिम एशिया की स्थिति और तनाव कम करने की तत्काल आवश्यकता के साथ-साथ बातचीत और कूटनीति की ओर लौटने पर चर्चा की। हम क्षेत्र और उससे बाहर शांति और स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिए अपने घनिष्ठ समन्वय को जारी रखने के लिए उत्सुक हैं।”
जवाब में, मैक्रॉन ने लिखा, “धन्यवाद, मेरे प्रिय मित्र। भारत और फ्रांस क्षेत्र में तनाव कम करने और शांति के लिए अपने प्रयासों के केंद्र में कूटनीति को बनाए रखने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।”
पीएम मोदी ने ओमान की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा की
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि उन्होंने ओमान के “मेरे भाई” सुल्तान हैथम बिन तारिक के साथ “सार्थक बातचीत” की और खाड़ी देश के लोगों को ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा, “हम तनाव कम करने और उसके बाद शांति एवं स्थिरता बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर सहमत हुए।”
प्रधानमंत्री ने ओमान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की कड़ी निंदा की और भारतीय नागरिकों सहित हजारों लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा, “भारत और ओमान होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध आवागमन के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
अनवर इब्राहिम को पीएम मोदी ने दी ईद की शुभकामनाएं
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से बातचीत के दौरान, प्रधानमंत्री ने उन्हें और उनके देश के लोगों को आने वाले ईद-उल-फितर के त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा, “हमने पश्चिम एशिया की बेहद चिंताजनक स्थिति पर भी चर्चा की और बातचीत और कूटनीति के जरिए तनाव कम करने और जल्दी शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए हमारी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।”
बता दें की 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद से प्रधानमंत्री मोदी कतर के अमीर, जॉर्डन के राजा और ओमान के सुल्तान से दो बार बात कर चुके हैं। इस्लामी गणराज्य ने अपने कई खाड़ी पड़ोसी देशों पर हमला करके जवाबी कार्रवाई की है।
संघर्ष शुरू होने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी की मैक्रोन और इब्राहिम से यह पहली मुलाकात थी।
संघर्ष शुरू होने के बाद से प्रधानमंत्री सऊदी अरब, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), इजरायल और ईरान सहित कई अन्य विश्व नेताओं से भी बात कर चुके हैं।