VIDEO: 'आप अपना एड्रेस दे दीजिए, मैं आपको चिट्ठी लिखूंगा'; केरल के मासूम बच्चे ने जीता पीएम मोदी का दिल, वीडियो वायरल
PM Modi Kerala visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (23 जनवरी) को तिरुनवंतपुरम नगर निगम में चार दशकों से अधिक के वामपंथी शासन का अंत करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत की प्रशंसा की। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में केरल में बदलाव देखने को मिलेंगे। इस दौरान रैली में मौजूद एक मासूम बच्चे ने पीएम मोदी का दिल जीत लिया
PM Modi Kerala visit: पीएम मोदी ने बच्चे से कहा कि बेटे आप थक जाओगे। आप अपना एड्रेस दे दीजिए। मैं आपको चिट्ठी लिखूंगा
PM Modi Kerala visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (23 जनवरी) को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में अपने भाषण के दौरान रैली में मौजूद एक बच्चे को अपनी तस्वीर पकड़े हुए देखा। जैसे ही लड़के पर पीएम मोदी की नजर पड़ी उन्होंने तुरंत उससे कहा कि वह उसके पीछे अपना पता लिखकर दे दे। ताकि वह उसे चिट्ठी लिख सकें। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को तिरुनवंतपुरम नगर निगम में चार दशकों से अधिक के वामपंथी शासन का अंत करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत की तारीफ की। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में केरल में बदलाव देखने को मिलेंगे।
इस दौरान रैली में मौजूद एक बच्चे ने पीएम मोदी का दिल जीत लिया। जब PM बोल रहे थे तो उन्होंने देखा कि एक लड़का उनकी पेंटिंग पकड़े हुए काफी देर से खड़ा है। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मैं एक बच्चे को काफी देर से हाथ ऊपर करके खड़ा देख रहा हूं।" इसके बाद उन्होंने लड़के से पेंटिंग लाने और उसके पीछे अपना पता लिखने को भी कहा। पीएम मोदी ने कहा, "बेटे आप थक जाओगे। आप अपना एड्रेस दे दीजिए। मैं आपको चिट्ठी लिखूंगा।"
ANI की रिपोर्ट के अनुसार PM ने आगे कहा, "मैं SPG (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) से गुजारिश करता हूं कि वे मुझे इस बच्चे का प्यार लाकर दें।" बता दें कि पीएम मोदी अक्सर अपनी रैलियों में अपनी तस्वीरें पकड़े लोगों पर प्रतिक्रिया देते हैं। पिछले साल सितंबर में उन्होंने अपने गृह राज्य गुजरात के भावनगर दौरे के दौरान ऐसा ही एक पल शेयर किया था।
पीएम मोदी की पेंटिंग पकड़े एक युवक की आंखों में आंसू आ गए जब PM ने उसे बताया कि उन्हें उसकी पेंटिंग मिल गई है। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा, "अगर उस पर पता लिखा है, तो मैं तुम्हें जरूर चिट्ठी लिखूंगा।" वहीं, पिछले साल मई में कानपुर में एक रैली के दौरान PM ने एक बच्चे को हाथ नीचे करने के लिए कहा। उन्होंने उसे हाथ हिलाते हुए देखा था। PM को यह कहते हुए सुना गया, "बाद में तुम्हारे कंधों में दर्द होने लगेगा।"
इसके अलावा पिछले साल सूरत खाद्य सुरक्षा संतृप्ति अभियान के लॉन्च के दौरान भी PM मोदी ने एक ऐसे व्यक्ति की पेंटिंग पर साइन किए जो भीड़ में वह कलाकृति पकड़े हुए था। उस कलाकृति में मोदी अपनी दिवंगत मां हीराबेन मोदी के साथ थे। इस भावुक पल को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पार्टी के आधिकारिक X हैंडल पर भी शेयर किया।
पीएम मोदी ने दक्षिण भारत को दिया तोहफा
केरल में प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की ऑनलाइन माध्यम से हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की। ये ट्रेन साप्ताहिक होंगी। ये केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश जैसे दक्षिणी राज्यों में अंतर-राज्यीय संपर्क को बढ़ावा देंगी। अधिकारियों ने बताया कि इन तीन रेलगाड़ियों का परिचालन शुरू होने से 'अमृत भारत' एक्सप्रेस ट्रेन की कुल संख्या बढ़कर 27 हो गई है।
दक्षिणी रेलवे के अधिकारियों ने बताया, "केरल में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन पहली बार शुरू की जा रही है। तिरुवनंतपुरम सेंट्रल-तांबरम और तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-चर्लपल्ली नामक दो साप्ताहिक ट्रेन राज्य की राजधानी से चलेंगी। केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे दक्षिणी राज्यों के बीच मजबूत रेल संपर्क स्थापित करेंगी।"
उन्होंने कहा, "तीसरी ट्रेन, नागरकोइल-मंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस, तमिलनाडु के दक्षिणी छोर को केरल के रास्ते तटीय कर्नाटक से जोड़ेगी, जिससे पश्चिमी तट के रेल नेटवर्क को मजबूती मिलेगी।" रेलवे द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक तिरुवनंतपुरम सेंट्रल-तांबरम अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस तिरुनेलवेली, कोविलपट्टी, विरुदुनगर, मदुरै, तिरुचिरापल्ली जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ेगी।
बयान के मुताबिक, तिरुवनंतपुरम उत्तर-चर्लपल्ली अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस कोल्लम, चेंगन्नूर, कोट्टायम, एर्नाकुलम टाउन, त्रिशूर, पलक्कड़, कोयंबटूर, सलेम, जोलारपेट्टई, रेनिगुंटा, नेल्लोर, तेनाली, गुंटूर और नलगोंडा जैसे प्रमुख गंतव्यों से होकर गुजरेगी।
मंत्रालय के मुताबिक नागरकोइल-मंगलुरु अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस तिरुवनंतपुरम सेंट्रल, कोल्लम, चेंगन्नूर, कोट्टायम, एर्नाकुलम टाउन, त्रिशूर, शोरानूर, कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशन से गुजरेगी। तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवायूर-त्रिशूर सवारी गाड़ी को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।