PM Modi Kerala visit: 'केरल में भी बदलाव देखने को मिलेंगे'; लेफ्ट और कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी, सबरीमाला सोने की जांच का किया वादा

PM Modi Kerala visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (23 जनवरी) को विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में केरल में भी बदलाव देखने को मिलेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि राज्य परिवर्तन की कगार पर है। जनता को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि दिख रहा उत्साह राज्य में बदलते राजनीतिक माहौल को दर्शाता है

अपडेटेड Jan 23, 2026 पर 3:08 PM
Story continues below Advertisement
PM Modi Kerala visit: पीएम मोदी ने शुक्रवार को अपने संबोधन में कहा कि केरल अब परिवर्तन के लिए तैयार है

PM Modi Kerala visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (23 जनवरी) को केरल की राजधानी तिरुनवंतपुरम नगर निगम में चार दशकों से अधिक के वामपंथी शासन का अंत करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत की जमकर तारीफ की। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में केरल में भी बदलाव देखने को मिलेंगे। आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले तिरुवनंतपुरम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राज्य परिवर्तन की कगार पर है।

तिरुवनंतपुरम BJP द्वारा आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने याद दिलाया कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी का सत्ता में आना लगभग चार दशक पहले एक शहर में जीत हासिल करने से शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि केरल में भी ऐसा ही होगा। उन्होंने कहा कि 1987 से पहले बीजेपी गुजरात में हाशिए पर पड़ी एक पार्टी थी। उसे शायद ही कोई मीडिया कवरेज मिलती थी।

प्रधानमंत्री ने कहा, "1987 में BJP ने पहली बार अहमदाबाद नगर निगम पर नियंत्रण हासिल किया था। ठीक उसी तरह जैसे पार्टी ने हाल ही में तिरुवनंतपुरम में जीत हासिल की है। तब से गुजरात की जनता ने हमें सेवा करने का अवसर सौंपा है और हम दशकों से ऐसा करते आ रहे हैं।"


उन्होंने कहा, "हमारी यात्रा गुजरात के एक शहर से शुरू हुई थी। इसी तरह केरल में भी हमारी शुरुआत एक शहर से हुई है। मेरा मानना ​​है कि यह दर्शाता है कि केरल के लोग बीजेपी पर भरोसा जताने लगे हैं और उसी तरह हमसे जुड़ रहे हैं जैसे कभी गुजरात के लोग जुड़े थे।"

उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम नगर निकाय में उनकी पार्टी की जीत केरल को वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के कथित भ्रष्ट शासन से मुक्त कराने के दृढ़ संकल्प की जीत है। पीएम मोदी ने दावा किया कि दशकों से एलडीएफ और यूडीएफ दोनों ने तिरुवनंतपुरम की उपेक्षा की है। इससे यह शहर बुनियादी सुविधाओं और अवसंरचना से वंचित रह गया है।

उन्होंने पुथारिकंदम मैदान में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, "वामपंथी और कांग्रेस लगातार हमारे लोगों की जरूरतों को पूरा करने में विफल रहे हैं। हालांकि, हमारी बीजेपी टीम ने तिरुवनंतपुरम के विकास की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। शहर के लोगों से मैं कहना चाहता हूं- विश्वास रखें, जिस बदलाव की लंबे समय से प्रतीक्षा थी, वह आखिरकार आने वाला है।"

PM मोदी ने कहा कि पूरे देश को भगवान अयप्पा में गहरा और अटूट विश्वास है। लेकिन आरोप लगाया कि केरल में LDF सरकार ने सबरीमाला मंदिर की परंपराओं को बार-बार ठेस पहुंचाई है। मंदिर से सोने की चोरी की हालिया रिपोर्टों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ऐसी घटनाओं ने जनता के विश्वास को हिला दिया है।

पीएम मोदी ने कहा, "भगवान अयप्पा के प्रति पूरे देश के लोगों की, हम सबकी अगाध आस्था है। लेकिन, LDF सरकार ने सबरीमाला मंदिर की परमपराओं को नुकसान पहुंचाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। अब यहां Gold चोरी होने की खबरें आ रही हैं। मंदिर में से भगवान के पास से सोने की चोरी की खबरें हैं।"

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "मैं एक बात स्पष्ट कहना चाहता हूं कि यहां BJP सरकार बनते ही, आरोपों की पूरी जांच होगी और दोषियों की जगह जेल में होगी। ये मोदी की गारंटी है।" PM ने कहा, "तिरुवनंतपुरम पूरे देश के लिए एक आदर्श शहर बनेगा। मैं तिरुवनंतपुरम को भारत के सर्वश्रेष्ठ शहरों में से एक बनाने के लिए अपना पूरा समर्थन देता हूं।"

PM मोदी केरल में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने और नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाने के लिए यहां पहुंचे। केरल में इस साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। पीएम मोदी ने इस दौरे के दौरान कई परियोजनाओं का तोहफा भी दिया है।

ये भी पढ़ें- Vaishno Devi Yatra: जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी का कहर! माता वैष्णो देवी यात्रा स्थगित, देखें वीडियो

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।