PM Modi on NEET Paper Leak: 'फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा'; पेपर लीक और CJP प्रोटेस्ट पर पहली बार खुलकर बोले पीएम मोदी

PM Modi on NEET Paper Leak: NEET-UG 2026 का पेपर लीक होने के आरोपों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार 23 जुलाई को कहा कि देश के युवाओं का कल्याण और भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है

अपडेटेड Jul 23, 2026 पर 10:37 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
PM Modi on NEET Paper Leak: पीएम मोदी ने कहा कि हमारे युवाओं के कल्याण और भविष्य से बढ़कर कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं

PM Modi on NEET Paper Leak: केंद्र सरकार ने पेपर लीक के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने कहा है कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नीट पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रोटेस्ट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा ऐलान किया है। पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पीएम मोदी ने कहा कि इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। बता दें कि NEET-UG 2026 का पेपर लीक होने के आरोपों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)  का विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा।"


अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने आगे लिखा, "इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"

इस बीच, वरिष्ठ बीजेपी नेता और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नीट पेपर लीक मुद्दे पर छात्रों के प्रदर्शन को लेकर बुधवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर राजनीतिक रोटियां सेंकने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर संसद में व्यापक चर्चा के लिए तैयार है।

उन्होंने विपक्ष से कहा कि वह संसद में इस विषय पर व्यापक चर्चा में भाग ले और आरोप-प्रत्यारोप के बदले समस्या के स्थायी समाधान का प्रयास करे। छात्रों को देश का भविष्य बताते हुए नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार एक जिम्मेदार और संवेदनशील सरकार है और सरकार संसद में सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर काफी गंभीर है।

उन्होंने गैर-राजग तथा विपक्षी दलों द्वारा शासित राज्यों में पेपर लीक की विभिन्न घटनाओं का जिक्र किया और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह इस संबंध में सेलेक्टिव रूख अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को कांग्रेस या उसके सहयोगियों द्वारा शासित राज्यों में होने वाले ऐसे मामलों को भी उठाना चाहिए।

नड्डा ने राहुल गांधी पर पेपर लीक मुद्दे से राजनीतिक रोटियां सेंकने की कोशिश करने का आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि कांग्रेस नेता का उद्देश्य छात्रों का हित नहीं बल्कि राजनीतिक लाभ उठाने और छात्रों की मांग पर राजनीति करना है। नड्डा ने विपक्षी दलों से सरकार के साथ आने का आह्वान किया ताकि देश में पेपर लीक की समस्या का स्थायी समाधान खोजा जा सके।

नड्डा ने कहा कि सरकार पेपर लीक मुद्दे पर संसद में विस्तार से चर्चा के लिए तैयार है। विपक्ष चर्चा के लिए अवधि तय करे। उन्होंने कहा कि पेपर लीक का मामला जांच का विषय है और इसके लिए सरकार हर बिंदु पर जनता के सामने अपना जवाब रखेगी।

राहुल गांधी का रिएक्शन

प्रधानमंत्री मोदी के पोस्ट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने x पर लिखा, "आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। आपने न सिर्फ हमारी education system पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया, उसे बढ़ावा भी दिया - और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया। छात्रों की मांगें साफ हैं... 1. धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं। 2. छात्रों से माफी मांगे। 3. छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।"

ये भी पढ़ें- आज मूसलाधार बारिश की चेतावनी: 2 राज्यों में रेड कलर वॉर्निंग, IMD ने इन 21 से अधिक राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट दिया

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।