PM Modi Visit Assam: 'राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त है कांग्रेस'; पीएम मोदी ने विपक्ष पर लगाया अवैध बांग्लादेशियों को बचाने का आरोप

PM Modi Visit Assam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार(21) को असम के डिब्रूगढ़ में रैली में कहा कि कांग्रेस वोटर लिस्ट में संशोधन का विरोध कर रही है क्योंकि उसका एकमात्र उद्देश्य सत्ता हथियाना है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त है और असम में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को बसने की अनुमति दे रही है

अपडेटेड Dec 21, 2025 पर 3:14 PM
Story continues below Advertisement
PM Modi Visit Assam: प्रधानमंत्री मोदी ने असम के डिब्रूगढ़ में एक रैली में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला

PM Modi Visit Assam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोोदी ने रविवार (21 दिसंबर) को असम के डिब्रूगढ़ में एक रैली में कांग्रेस पर अवैध बांग्लादेशियों को बचाने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त है। वह असम में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को बसने की अनुमति दे रही है। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने ऐसी गड़बड़ी की है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को उनकी गलतियों को सुधारने के लिए अभी भी बहुत काम करना है।

पीएम मोदी ने अपने दौरे के दौरान असम वैली फर्टिलाइजर एंड केमिकल कंपनी लिमिटेड में एक यूरिया प्लांट का उद्घाटन किया। इसके बाद अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, "आज असम और पूरे उत्तर-पूर्व के लिए एक बड़ा दिन है। नाम रूप और डिब्रूगढ़ जिस सपने का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, वह आज पूरा हो रहा है। इस पूरे इलाके में औद्योगिक प्रगति का एक नया अध्याय शुरू होने वाला है।"

प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि किसानों के कल्याण के लिए कई योजनाएं पाइपलाइन में हैं। उन्होंने कहा कि BJP की 'डबल-इंजन' सरकार उनकी जरूरतों के प्रति बहुत संवेदनशील है। उन्होंने आगे कहा, "विकसित भारत के विकास में किसान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनके हितों को ध्यान में रखते हुए, हमारी सरकार उनका समर्थन करने के लिए अथक प्रयास कर रही है।"


पीएम मोदी का असम को तोहफा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के डिब्रूगढ़ जिले में एक ब्राउनफील्ड अमोनिया-यूरिया प्लांट का शिलान्यास किया। इसे ₹10,601 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। असम वैली फर्टिलाइजर एंड केमिकल कंपनी लिमिटेड (AVFCCL) प्लांट की सालाना यूरिया उत्पादन क्षमता 12.7 लाख मीट्रिक टन होगी। उम्मीद है कि यह 2030 में काम करना शुरू कर देगा।

मार्च में केंद्रीय कैबिनेट ने ब्रह्मपुत्र वैली फर्टिलाइजर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BVFCL) के मौजूदा परिसर में एक नया प्लांट लगाने को मंज़ूरी दी थी। AVFCCL असम सरकार, ऑयल इंडिया, नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL), हिंदुस्तान उर्वरक एंड रसायन लिमिटेड (HURL) और BVFCL का एक जॉइंट वेंचर है।

PM मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "कांग्रेस अब भी देश विरोधी सोच को आगे बढ़ा रही है, ये लोग असम के जंगल, जमीन पर उन बांग्लादेशी घुसपैठियों को बसाना चाहते हैं जिनसे उनका वोट बैंक मजबूत होता है... कांग्रेस को असम और असम के लोगों से कोई लेना-देना नहीं है। इन्हें केवल सत्ता, सरकार में दिलचस्पी है इसलिए इन्हें अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए ज्यादा अच्छे लगते हैं। अवैध घुसपैठियों को कांग्रेस ने ही बसाया और वही उन्हें बचा रही है इसलिए कांग्रेस वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण का विरोध कर रही है।"

PM मोदी ने कहा, "हम असम की मान-मर्यादा बढ़ाने वाले हर काम को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन BJP जब यह काम करती है तो सबसे ज्यादा तकलीफ कांग्रेस को होती है। जब हमारी सरकार ने भूपेन दा को भारत रत्न दिया था तो कांग्रेस ने खुलकर उसका विरोध किया था। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा था कि मोदी नाचने, गाने वालों को भारत रत्न दे रहा है। यह असम, कला, संस्कृति का अपमान है या नहीं? हमने असम में सेमिकंडक्टर यूनिट लगाई तब भी कांग्रेस ने इसका विरोध किया। यही कांग्रेस सरकार थी जिसने दशकों तक चाय समुदाय के भाई बहनों को ज़मीन के अधिकार नहीं मिलने दिए।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा, "केंद्र में हमारी सरकार बनने के बाद हमने किसान क्रेडिट कार्ड सुविधा से पशुपालकों, मछली पालकों को भी जोड़ा है। इससे इन सबको लाभ मिल रहा है। KCC से इस साल किसानों को 10 लाख करोड़ से ज्यादा की मदद दी गई है।"

ये भी पढ़ें- Bangladesh Unrest: बांग्लादेश के चटगांव में भारतीय वीजा ऑपरेशन सस्पेंड, उच्चायोग में बढ़ाई गई सुरक्षा

पीएम ने कहा, "असम की तरह देश के दूसरे राज्यों में भी खाद की कितनी फैक्ट्रियां बंद हो गई थी। कांग्रेस ने जिन हालातों को बिगाड़ा था, हमारी सरकार उन्हें सुधारने के लिए एड़ी-चोटी की ताकत लगा रही है। कांग्रेस के दौर में फर्टिलाइजर फैक्ट्रियां बंद होती थी। जबकि हमारी सरकार ने अनेक प्लांट शुरू किए हैं। इसी का नतीजा है कि हम यूरिया के क्षेत्र में आने वाले समय में आत्मनिर्भर हो सकें उस दिशा में मजबूती से कदम रख रहे हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।