Delhi Blast: दिल्ली धमाके के पीड़ितों से मिले पीएम मोदी! घायलों का पूछा हालचाल, एयरपोर्ट से सीधे पहुंचे LNJP अस्पताल

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान दौरे से आते ही बुधवार (12 नवंबर) को लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचकर दिल्ली धमाके में घायल लोगों से मुलाकात की। पीएम ने लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल पूछा। पीएम मोदी आज ही भूटान दौरे से नई दिल्ली लौटे हैं। इसके बाद एयरपोर्ट से वह सीधे अस्पताल रवाना हो गए

अपडेटेड Nov 12, 2025 पर 3:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
PM Modi Visit LNJP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एलएनजेपी अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल पूछा

Delhi Red Fort Blast News Update: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (12 नवंबर) को लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचकर दिल्ली धमाके में घायल पीड़ितों से मुलाकात की। दिल्ली में लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए शक्तिशाली विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई। जबकि कम से कम 20 अन्य घायल हैं। पीएम ने एलएनजेपी अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल पूछा। पीएम मोदी आज (12 नवंबर) ही भूटान दौरे से नई दिल्ली लौटे हैं। इसके बाद एयरपोर्ट से वह सीधे अस्पताल रवाना हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी ने दौरे के दौरान घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। सभी घायलों को दिल्ली के लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री गृह मंत्री अमित शाह ने धमाके के कुछ देर बाद ही अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की थी।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को कहा था कि उन्होंने लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट के बाद की स्थिति की गृह मंत्री अमित शाह और अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा की है। इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित लोगों को अधिकारियों द्वारा सहायता मुहैया की जा रही है।


गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को एलएनजेपी अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल पूछा था। दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने कहा कि धमाका धीमी गति से चल रहे एक वाहन में हुआ। गोलचा ने कहा, "धमाका शाम करीब 6.52 बजे लाल किले के पास धीमी गति से चल रहे एक वाहन में हुआ। वाहन में यात्री सवार थे।"

उन्होंने बताया कि घटना में अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि दिल्ली पुलिस, फोरेंसिक टीम, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) समेत सभी एजेंसियां ​​स्थिति का जायजा ले रही हैं।

अमित शाह ने मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे दिल्ली विस्फोट मामले में सलिप्त प्रत्येक दोषी की तलाश करें। उन्होंने कहा कि इस विस्फोट में संलिप्त सभी लोगों को सुरक्षा एजेंसियों के प्रकोप का सामना करना पड़ेगा।

शाह ने यह निर्देश राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले के नजदीक सोमवार शाम हुए विस्फोट के मद्देनजर आयोजित दो सुरक्षा समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करने के बाद दिए।

केंद्रीय गृहमंत्री ने X पर एक पोस्ट में कहा, "वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दिल्ली कार विस्फोट पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्हें इस घटना के पीछे के प्रत्येक अपराधी को पकड़ने का निर्देश दिया। इस कृत्य में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को हमारी एजेंसियों के प्रकोप का सामना करना पड़ेगा।"

सूत्रों ने बताया कि पहली बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा और NIA के महानिदेशक सदानंद वसंत दाते शामिल हुए। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात भी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान शीर्ष अधिकारियों ने विस्फोट के बाद की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट दीं। सूत्रों ने बताया कि दोपहर की सुरक्षा समीक्षा बैठक में भी लगभग यही अधिकारी शामिल हुए। गृह मंत्रालय ने विस्फोट की जांच एनआईए को भी सौंप दी है।

ये भी पढ़ें- Delhi Blast: राजधानी में अभी भी घूम रही है लाल रंग की संदिग्ध 'ईको स्पोर्ट्स' कार! हाई अलर्ट पर दिल्ली

यह स्पष्ट संकेत है कि इस विस्फोट को सरकार ने आतंकवादी कृत्य माना है, क्योंकि एनआईए को केवल आतंकवादी मामलों की जांच करने का अधिकार है। गृह मंत्री ने कहा है कि शीर्ष जांच एजेंसियां ​​विस्फोट की जांच कर रही हैं। वे घटना की तह तक जाएंगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।