PM Modi Visit Bengal: "Gen Z को BJP के विकास मॉडल पर भरोसा"; बंगाल पहुंचे PM मोदी ने BMC जीत को बताया ऐतिहासिक

PM Modi To Visit Bengal: पश्चिम बंगाल के मालदा में एक विशाल जनसभा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने BMC रिजल्ट का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां कभी भारतीय जनता पार्टी के लिए चुनाव जीतना असंभव माना जाता था, वहां भी आज BJP को अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि देश की Gen Z बीजेपी के विकास मॉडल भरोसा करती है

अपडेटेड Jan 17, 2026 पर 7:44 PM
Story continues below Advertisement
PM Modi Visit West Bengal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की Gen Z बीजेपी के विकास मॉडल भरोसा करती है

PM Modi Visit West Bengal: महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में BJP की बड़ी चुनावी जीत का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (17 जनवरी) को कहा कि भारत की युवा पीढ़ी, खासकर Gen Z भगवा पार्टी के विकास मॉडल में विश्वास करती है। पीएम मोदी ने मुस्लिम बहुल जिले मालदा में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि घुसपैठ पश्चिम बंगाल के सामने एक बहुत बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि विकसित और समृद्ध देश भी अवैध प्रवासियों की पहचान करने एवं उन्हें बाहर करने के लिए ठोस कार्रवाई कर रहे हैं।

हालिया चुनावी सफलताओं का हवाला देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी को अब उन क्षेत्रों में भी अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है, जहां इसे पहले कमजोर माना जाता था। उन्होंने महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनावों क परिणाम और केरल में पार्टी की बढ़त का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी का विकास मॉडल मतदाताओं, खासकर युवाओं का विश्वास जीत रहा है।

पीएम मोदी ने कहा, "जहां कभी BJP के लिए चुनाव जीतना असंभव माना जाता था, वहां भी आज भारतीय जनता पार्टी को अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। ये दिखाता है कि देश का वोटर, देश की Gen Z, बीजेपी के विकास मॉडल पर कितना ज्यादा भरोसा करती है।"


Gen Z (जेनरेशन Z) उन युवाओं का ग्रुप है जिनका जन्म लगभग 1997 से 2012 के बीच हुआ है। ये बचपन से ही डिजिटल दुनिया, इंटरनेट, स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के साथ बड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, "आज आपका उत्साह देखकर मैं पूरे आत्मविश्वास के साथ कह रहा हूं कि इस बार पश्चिम बंगाल के लोग भी BJP को विजयी बनाएंगे।"

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधने के लिए घुसपैठ को मुख्य मुद्दा बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर अवैध प्रवासन ने राज्य की डेमोग्राफिक बैलेंस को बदल दिया है। इसके कारण दंगे हुए हैं।

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण और सिंडिकेट राज के चलते घुसपैठ में वृद्धि हुई है। पीएम मोदी ने SIR को लेकर जारी विवाद के बीच मतुआ समुदाय जैसे शरणार्थियों को भी आश्वस्त किया। जो पड़ोसी बांग्लादेश में धार्मिक उत्पीड़न के कारण पलायन कर भारत आए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आने पर पश्चिम बंगाल में घुसपैठियों पर नकेल कसने और अवैध प्रवासन को रोकने के लिए बड़े कदम उठाएगी। उन्होंने कहा, "दुनिया में ऐसे विकसित और समृद्ध देश हैं जिनके पास पैसे की कोई कमी नहीं है। फिर भी वे घुसपैठियों को बाहर निकाल रहे हैं। पश्चिम बंगाल से घुसपैठियों को निकालना भी उतना ही आवश्यक है।"

PM मोदी ने दावा किया कि घुसपैठ का असर जमीन पर दिखाई दे रहा है। इससे राज्य के कई हिस्सों में डेमोग्राफिक बैलेंस बदल गया है। उन्होंने कहा, "लोग मुझे बताते हैं कि कई जगहों पर तो बोली जाने वाली भाषा भी बदलने लगी है। भाषा और बोली में अंतर उभरने लगे हैं। घुसपैठियों की बढ़ती आबादी के कारण पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद सहित कई इलाकों में दंगे होने लगे हैं।"

प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की सिंडिकेट व्यवस्था राज्य में घुसपैठियों को बसाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि घुसपैठियों और सत्तारूढ़ दल के बीच सांठगांठ है। उन्होंने कहा, "आपको इस सांठगांठ को तोड़ना होगा। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि जैसे ही बीजेपी की सरकार बनेगी घुसपैठ और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

ये भी पढ़ें- 'जूतों से पीटना चाहिए...'; चीफ गेस्ट नहीं बनाने पर आग बबूला हुए SP सांसद सनातन पांडे, अधिकारियों को दी सरेआम धमकी

प्रधानमंत्री ने शरणार्थियों, खासकर राजनीतिक रूप से अहम मतुआ समुदाय को आश्वस्त किया। बता दें कि संशोधित नागरिकता कानून (CAA) के तहत नागरिकता के वादे के बीच मतुआ समुदाय 2019 से BJP का प्रमुख वोट बैंक रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।