Get App

अब पीएमसीएच में इलाज के लिए नहीं काटने पड़ेंगे कई भवनों के चक्कर! लग्जरी सुविधाओं वाला टावर 3 तैयार, 2500 बेड पर होगा इलाज

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पुनर्विकास योजना के फेज-1 के तहत नवनिर्मित टावर 3 का उद्घाटन किया। यह भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और मरीजों को सभी चिकित्सा सेवाओं के लिए अलग-अलग भवनों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी

MoneyControl Newsअपडेटेड Oct 13, 2026 पर 10:12 AM
अब पीएमसीएच में इलाज के लिए नहीं काटने पड़ेंगे कई भवनों के चक्कर! लग्जरी सुविधाओं वाला टावर 3 तैयार, 2500 बेड पर होगा इलाज
सीएम सम्राट चौधरी ने सोमवार को फेज-1 के तहत नवनिर्मित टावर 3 का उद्घाटन किया।

बिहार का सबसे बड़ा और पुराना चिकित्सा संस्थान पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) अब आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की नई तस्वीर पेश करने की ओर बढ़ रहा है। अस्पताल के पुनर्विकास की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पुनर्विकास योजना के फेज-1 के तहत नवनिर्मित टावर 3 का उद्घाटन किया।

आधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन के शुरू होने से मरीजों को इलाज, जांच और अन्य चिकित्सा सेवाओं के लिए अलग-अलग भवनों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एक ही भवन में सभी काम हो जाएंगे। PMCH को विश्वस्तरीय चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित करने की योजना के तहत नए भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य अस्पताल की क्षमता बढ़ाने के साथ मरीजों को एक ही परिसर में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

मॉल जैसी सुविधाएं, आधुनिक इलाज और बेहतर व्यवस्था

टावर-3 की सबसे खास बात यहां उपलब्ध कराई गई आधुनिक सुविधाएं हैं। मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भवन में एस्कलेटर, आधुनिक वेटिंग लाउंज और वातानुकूलित वार्ड जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। भवन में एसी बेड वाला सर्जिकल वार्ड, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और आधुनिक चिकित्सा इकाइयां विकसित की गई हैं। छत पर एयर एंबुलेंस के लिए हेलीपैड की व्यवस्था भी की गई है। अस्पताल परिसर तक पहुंच को सुविधाजनक बनाने के लिए अशोक राजपथ के डबल डेकर पुल को मल्टीलेवल पार्किंग से जोड़ा गया है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है साथ ही जाम से भी मुक्ति मिलेगी।

एक ही भवन में ओपीडी और गंभीर मरीजों का इलाज

नए टावर में मरीजों की जरूरतों के मुताबिक अलग-अलग चिकित्सा इकाइयां बनाई गई हैं। मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के बाद भवन का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर ओपीडी मरीजों के पंजीकरण के लिए कियोस्क और काउंटर की व्यवस्था दी गई है। इसके अलावा वेटिंग एरिया को बहुत ही शानदार तरीके से बनाया गया है। भवन में पंजीकरण के लिए 15 वातानुकूलित काउंटर संचालित करने की व्यवस्था है। इनमें महिलाओं के लिए तीन काउंटर और बुजुर्गों एवं दिव्यांगों के लिए एक काउंटर आरक्षित रखने की जानकारी दी गई है। पंजीकरण के बाद मरीज ओपीडी में चिकित्सकों से परामर्श ले सकेंगे।

टावर-3 के पांचवें तल पर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीकू) वार्ड बनाया गया है। इसके अलावा यहां प्रतीक्षालय, स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, नर्स स्टेशन, चिकित्सा कक्ष, उपचार कक्ष और प्रसवोत्तर वार्ड की भी व्यवस्था है। वहीं, छठे तल पर मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) बनाया गया है। इस तल पर अलग-अलग शल्य चिकित्सा कक्ष, स्त्री रोग से संबंधित ऑपरेशन थिएटर और अन्य चिकित्सकीय इकाइयां भी हैं। इसके अलावा, टावर-3 के प्रथम तल पर रेडियोलॉजी विभाग स्थित है। योजना के अनुसार पीएमसीएच में अब एक साथ 2500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ इलाज होगा।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें