Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया है। प्रतीक यादव का बुधवार (13 मई) सुबह निधन हुआ। वह सिर्फ 38 साल के थे। सूत्रों के मुताबिक गुरुवार सुबह 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। हाल ही में अपर्णा यादव और प्रतीक के बीच किसी बात को लेकर मतभेद भी सामने आया था।
प्रतीक यादव यूपी के पूर्व सीएम और माजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह के छोटे बेटे थे। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि मौत की सटीक वजह की अभी तक आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। वे सक्रिय राजनीति से काफी हद तक दूर ही रहे। बीजेपी नेता और यादव परिवार की छोटी बहू अपर्णा से शादी के बाद वे अक्सर सुर्खियों में बने रहते थे।
यह घटनाक्रम उन रिपोर्टों के सामने आने के कुछ हफ्तों बाद हुआ है, जिनमें अपर्णा यादव और प्रतीक यादव के बीच मतभेदों की बात कही गई थी। दोनों के रिश्तों में दरार की बातें सामने आई थी। लेकिन प्रतीक यादव कुछ दिन बाद सामने आए और मतभेद की खबरों का खंडन किया था। प्रतीक ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में अपर्णा पर गंभीर आरोप लगाए थे।
बाद में इस चर्चित कपल ने साथ में तस्वीरें शेयर करके और सार्वजनिक रूप से यह कहकर कि उनके बीच सब कुछ ठीक है, इन अटकलों पर विराम लगा दिया। प्रतीक यादव की मौत की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। न्यूज एजेंसी ANI के विजुअल्स में लखनऊ के अस्पताल के बाहर एक एम्बुलेंस दिखाई दी, जो उनके पार्थिव शरीर को उनके घर ले जा रही थी। प्रतीक यादव पहले भी सुर्खियों में रहे थे।
उन्होंने ताज होटल से 1090 चौराहे तक एक रैली में हिस्सा लिया था। इस रैली में उन्होंने सड़क पर रहने वाले कुत्तों का समर्थन किया था। साथ ही सुप्रीम कोर्ट से अपील की थी कि वह कोई भी अमानवीय फ़ैसला न ले। उन्होंने लोगों से यह भी अपील की थी कि वे जानवरों की आबादी पर कंट्रोल रखने वाले कार्यक्रमों और संस्थाओं का समर्थन करें और उन्हें मजबूत बनाएं।