'गन प्वाइंट पर किडनैपिंग, कनाडा से हत्या करने आया आरोपी'! पंजाबी सिंगर इंदर कौर की मौत का पूरा रहस्य क्या?

Inder Kaur Murder: पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह सुक्खा के पिता प्रीतम सिंह और उसके एक दोस्त करमजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोस्त करमजीत सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने 16 मई को ही नीलो नहर से सिंगर इंदर कौर की Ford Figo गाड़ी बरामद कर ली थी

अपडेटेड May 19, 2026 पर 4:13 PM
Story continues below Advertisement
Inder Kaur Murder: पंजाबी सिंगर इंदर कौर की मौत का पूरा रहस्य क्या?

पंजाब के लुधियाना से लापता हुई उभरती हुई पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर (29 साल) की संदिग्ध मौत का मामला अब एक सोची-समझी हत्या में बदल चुका है। 6 दिनों से लापता सिंगर की लाश लुधियाना की नीलो नहर से बरामद हुई है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस की जांच और आरोपी के बैकग्राउंड को लेकर कई हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं।

मुंडियां कलां चौकी (थाना जमालपुर, लुधियाना) के इंचार्ज ASI परमजीत सिंह ने बताया कि 15 मई को जमालपुर थाने में मुकदमा नंबर 119/26 दर्ज किया गया था। सिंगर के परिवार ने शिकायत दी थी कि इंदर कौर को गन पॉइंट (पिस्तौल की नोंक) पर अगवा किया गया है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह सुक्खा के पिता प्रीतम सिंह और उसके एक दोस्त करमजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोस्त करमजीत सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने 16 मई को ही नीलो नहर से सिंगर इंदर कौर की Ford Figo गाड़ी बरामद कर ली थी।


नेपाल के रास्ते कनाडा भागा कातिल!

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह कनाडा में रहता है। वह अपनी इस साजिश को अंजाम देने के लिए पंजाब आया था। मर्डर करने के बाद वह नेपाल के रास्ते वापस कनाडा फरार हो चुका है। पुलिस उसके पासपोर्ट और ट्रेवल हिस्ट्री की जांच कर रही है।

ASI परमजीत सिंह ने यह भी साफ किया कि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे, लेकिन हत्या की असली और सटीक वजह क्या रही, यह मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरी तरह साफ हो पाएगा।

कैसे शुरू हुई यह खौफनाक कहानी?

सिंगर इंदर कौर के भाई जोतइंदर सिंह के मुताबिक, 13 मई की रात करीब 8:30 बजे इंदर अपनी कार लेकर बाजार से राशन का सामान लेने निकली थीं। जब वह देर रात तक नहीं लौटीं, तो परिवार ने तलाश शुरू की।

परिवार ने आरोप लगाया कि मोगा के भलूर गांव का रहने वाला सुखविंदर सिंह सुक्खा उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। क्योंकि सुखविंदर पहले से शादीशुदा था, इसलिए इंदर ने शादी से साफ मना कर दिया था। इसी रंजिश में सुखविंदर खास तौर पर कनाडा से पंजाब आया, अपने साथियों के साथ मिलकर गन पॉइंट पर इंदर को अगवा किया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर लाश और गाड़ी को नहर में फेंक दिया।

अब आगे क्या?

थाना जमालपुर के SHO बलबीर सिंह ने बताया कि नहर से शव मिलने के बाद परिवार ने उसकी पहचान कर ली है। फिलहाल शव को समराला के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है, जहाँ पोस्टमॉर्टम के बाद मौत के सही कारणों (जैसे डूबने से मौत हुई या गला दबाकर) का पता लगाया जाएगा। पुलिस अब कनाडा भागे मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह को वापस भारत लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया और इंटरनेशनल वारंट की तैयारी में जुट गई है।

पंजाबी सिंगर इंदर कौर की संदिग्ध मौत: नहर में मिली लाश, 6 दिनों से थीं लापता, अगवा और जबरन शादी का आरोप

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।