Raghav Chadha vs AAP: क्या राघव चड्ढा BJP में होंगे शामिल? X पोस्ट डिलीट होने से सियासी हलचल तेज! बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने किया सपोर्ट

Raghav Chadha vs AAP: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो सकते हैं। खबर है कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर से अपनी कुछ पुरानी पोस्ट हटा दी हैं। इनमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की आलोचना की थी

अपडेटेड Apr 05, 2026 पर 9:04 AM
Story continues below Advertisement
Raghav Chadha vs AAP: आम आदमी पार्टी ने AAP सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया है

Raghav Chadha vs AAP: आम आदमी पार्टी (AAP) की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर से अपनी कुछ पुरानी पोस्ट हटा दी है। इनमें उन्होंने कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की आलोचना की थी। भारद्वाज ने यह भी दावा किया कि राज्यसभा सदस्य की वे पोस्ट भी सोशल मीडिया पर उनके अकाउंट से गायब हो गई हैं जिन्हें AAP नेताओं ने शेयर किया था।

भारद्वाज के आरोपों पर चड्ढा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। ये आरोप AAP और राज्यसभा सदस्य के बीच जारी विवाद के दौरान आए हैं। यह विवाद गुरुवार को राज्यसभा में पार्टी द्वारा चड्ढा को उपनेता पद से हटाए जाने के बाद खुलकर सामने आया।

शनिवार को X पर एक पोस्ट में भारद्वाज ने दावा किया कि 'BJP' और 'मोदी (PM)' जैसे कीवर्ड का उपयोग करके चड्ढा की टाइमलाइन की खोज करने पर कोई आलोचनात्मक टिप्पणी नहीं मिली। पीएम मोदी का जिक्र करने वाली केवल दो पोस्ट बची हैं। दोनों में प्रधानमंत्री की प्रशंसा की गई है।


इस कदम को मामूली सफाई अभियान से कहीं अधिक बताते हुए आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख ने कहा कि चड्ढा ने सोशल मीडिया पर अपनी सार्वजनिक छवि को नया रूप दिया है। भारद्वाज ने कहा, "एक समय में PM मोदी-BJP के तीखे आलोचक रहे राघव चड्ढा ने अपनी पुरानी छवि को पूरी तरह मिटाकर एक नई, चमकदार वाशिंग मशीन वाली तस्वीर पेश कर दी है।"

उन्होंने कहा कि जिस तरह से चड्ढा की टाइमलाइन में व्यवस्थित रूप से बदलाव किया गया है। वह इसके पीछे की तैयारी के स्तर को दर्शाता है। आम आदमी पार्टी ने संसद में पंजाब से जुड़े अहम मुद्दों को उठाने में कथित तौर पर विफल रहने पर राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी निष्क्रियता पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ है।

AAP ने खोला मोर्चा

एक संयुक्त बयान में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, AAP के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और पार्टी नेता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि कई अहम मामलों पर चड्ढा की चुप्पी निराशाजनक है। चीमा ने कहा कि पंजाब के विधायकों द्वारा राज्यसभा के लिए चुने गए चड्ढा से राष्ट्रीय स्तर पर राज्य के मुद्दों का सशक्त प्रतिनिधित्व करने की उम्मीद थी। लेकिन उन्होंने इससे जुड़ा एक भी संवेदनशील मुद्दा नहीं उठाया।

आम आदमी पार्टी ने 2 अप्रैल को औपचारिक रूप से सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उप-नेता पद से हटा दिया। इसके बाद, युवा राजनेता ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पार्टी नेतृत्व पर सीधे हमलों की बौछार कर दी।

प्रियंका चोपड़ा का मिला था

इस बीच, बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने राघव चड्ढा के हालिया पोस्ट में से एक पर एक टिप्पणी की। इससे ऐसा लगा कि वह इस राजनेता को अपना समर्थन दे रही हैं। राघव चड्ढा प्रियंका की चचेरी बहन परिणीति चोपड़ा के पति हैं। प्रियंका चोपड़ा ने राघव के पोस्ट पर दिल वाली आंखों और ताली बजाने वाले इमोजी के साथ कमेंट किया है। इससे यह हिंट मिलता है कि वह राघव के साथ खड़ी हैं।

आम आदमी पार्टी और उसके राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा के बीच शनिवार को जुबानी जंग तेज हो गई। चड्ढा ने पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके खिलाफ सुनियोजित अभियान चलाया गया है। आरोपों को झूठा करार देते हुए चड्ढा ने कहा, "मैंने हमेशा संसद में जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया है। मैं वहां सरकार पर दबाव डालने के लिए हूं, हंगामा करने के लिए नहीं।"

फिल्म 'धुरंधर' के एक संवाद का सहारा लेते हुए चड्ढा ने एक वीडियो संदेश में कहा, "हर झूठ का पर्दाफाश होगा। क्योंकि मैं घायल हूं इसलिए घातक हूं।" चड्ढा की यह प्रतिक्रिया आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा उन पर किए गए तीखे हमले के एक दिन बाद आई है।

ये भी पढ़ें- MP Building Collapses: मध्य प्रदेश के अनूपपुर में 4 मंजिला बिल्डिंग गिरने से दो लोगों की मौत, हादसे के वक्त जान बचाकर भागते दिखे लोग

इसमें उन पर प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ संसद में आवाज उठाने से कतराने का आरोप लगाया गया था। राज्यसभा में AAP के उपनेता पद से हटाए जाने के एक दिन बाद चड्ढा ने शुक्रवार को कहा था कि मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझ लेना।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।