Rahul Gandhi Girlfriend: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां एवं कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी और पिता दिवंगत राजीव गांधी की लंदन के एक रेस्तरां में हुई पहली मुलाकात से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। राहुल ने सोमवार (16 नवंबर) को कहा कि बाद में वह भी अपनी 'गर्लफ्रेंड' के साथ वहां गए थे। सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के विमोचन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने बताया कि उनके परिवार में यह कहानी सुनाई जाती रही है कि उनके माता-पिता पहली बार ब्रिटेन के कैम्ब्रिज स्थित 'वर्सिटी रेस्तरां' में मिले थे।
उन्होंने बताया कि कई साल बाद वह भी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उसी रेस्तरां में गए थे। वहां काम करने वाले एक कर्मचारी ने उनके माता-पिता को पहचानने का दावा किया। उसने कहा कि उसे वे दोनों याद हैं। राहुल गांधी ने इस प्रसंग को हल्के-फुल्के अंदाज में सुनाते हुए रेस्तरां के एक खास पकवान 'चिकन चॉसर' का भी जिक्र किया। गांधी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो उसे वर्सिटी रेस्तरां जाना चाहिए। लेकिन वहां चिकन चॉसर खाने से बचना चाहिए।
किताब विमोचन समारोह समाप्त होने के बाद अपनी 'गर्लफ्रेंड' का जिक्र किए जाने के बारे में पूछे जाने पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हमारे सहयोगी न्यूज 18 से कहा कि अब वह मेरी एक दोस्त हैं। राहुल गांधी ने अपनी स्पीच में पहली बार अपनी गर्लफ्रेंड के बारे में भारतवासियों के सामने खुलासा किया। उसके बाद न्यूज 18 के रिपोर्टर ने पूछा कि राहुलजी अब वो गर्लफ्रेंड कहां है? इस पर राहुल गांधी ने हंसते हुए कहा, "वो अब मेरी एक दोस्त है।"
माता-पिता के निजी जीवन के एक अनदेखे पहलू से अवगत कराया
राहुल गांधी के इस किस्से ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को उनके माता-पिता के निजी जीवन के एक अनदेखे पहलू से अवगत कराया। उन्होंने अपनी मां की आत्मकथा के संदर्भ में परिवार से जुड़ी यादें साझा करते हुए बताया कि किस तरह उनके माता-पिता की मुलाकात और प्रेम कहानी परिवार में सुनाई जाती रही है। सोनिया गांधी की किताब में उनके इटली में बिताए शुरुआती दिनों, (पूर्व प्रधानमंत्री) राजीव गांधी से मुलाकात और शादी, भारतीय समाज में अपनेपन की तलाश तथा सार्वजनिक जीवन के अनुभवों का जिक्र है।
'मम्मी, पापा आप पर बहुत गर्व कर रहे होंगे'
राहुल गांधी ने किताब के विमोचन के अवसर पर भावुक संबोधन देते हुए कहा कि उनके पिता राजीव गांधी अपनी पत्नी सोनिया पर गर्व करते होंगे। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में माता-पिता के प्रेम, उनके पारिवारिक जीवन और पिता की हत्या के बाद मां के जीवन में आए बदलावों का जिक्र किया। उनका कहना था कि सोनिया गांधी और राजीव गांधी के बीच गहरा प्रेम था। बचपन में उन्होंने अपने माता-पिता को केवल एक बार झगड़ते देखा था, जब राजीव गांधी फोन पर पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि उनके पिता फोन पर कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। उसी दौरान उनकी मां कुछ कहना चाह रही थीं। बार-बार अपनी बात दोहराने के बावजूद जब मां को जवाब नहीं मिला तो दोनों के बीच बहस हुई। राहुल ने कहा कि संयोग से यही एकमात्र मौका था जब उन्होंने अपने माता-पिता को झगड़ते देखा। उन्होंने अपने माता-पिता के बीच के अपनेपन का जिक्र करते हुए कहा कि उनके घर में भोजन के समय उनकी मां अक्सर पिता की गोद में बैठा करती थीं। बचपन में उन्हें लगता था कि हर परिवार में ऐसा ही होता होगा।
राहुल ने कहा कि राजीव गांधी की हत्या ने उनकी मां की जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने कहा कि उनके पिता के निधन के बाद सोनिया गांधी के व्यक्तित्व में भी बड़ा बदलाव आया। पहले वह बेहद मिलनसार और हंसमुख थीं। लेकिन इस त्रासदी के बाद वह अपने भीतर सिमट गईं। उन्होंने कहा कि बाद में भारत के गांवों और आम लोगों ने सोनिया गांधी को अपनापन दिया और उन्हें यह एहसास कराया कि वह उनसे जुड़ी हुई हैं।
राहुल ने अपनी मां की दृढ़ता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी लड़ाई लड़ीं। लेकिन उन्होंने कभी डर या कमजोरी जाहिर नहीं की। उन्होंने कहा कि उनकी मां अपनी उपलब्धियों और संघर्षों को हमेशा कम करके बताती हैं। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में उनकी मां के उस व्यक्तित्व की झलक मिलती है, जो राजीव गांधी के निधन से पहले था। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक उनके माता-पिता के प्रेम और उनकी मां के जीवन की एक महत्वपूर्ण यात्रा को सामने लाती है।