'उनको इलाज की जरूरत है'; बर्लिन में राहुल गांधी के 'लोकतंत्र पर हमले' वाले बयान पर भड़की BJP

Rahul Gandhi News: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत में चुनाव की निष्पक्षता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत के संस्थागत ढांचे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का पूरी तरह से कब्जा हो गया है। कांग्रेस सांसद के दावों पर बीजेपी नेताओं ने तीखा पलटवार किया है

अपडेटेड Dec 23, 2025 पर 3:33 PM
Story continues below Advertisement
Rahul Gandhi News: जर्मनी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है

Rahul Gandhi News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस आरोप पर तीखी प्रतिक्रिया दी है कि भगवा पार्टी ने भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला किया है। साथ ही केंद्रीय एजेंसियों पर कब्जा कर लिया है। बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने साफ-साफ कहा है कि राहुल गांधी को हटाओ और प्रियंका गांधी को लाओ। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से जनमत चला गया है। अब जनपद में भी परेशानी है। किसी को राहुल गांधी पर विश्वास नहीं है। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी बीजेपी के खिलाफ अपना गुस्सा निकालने के लिए जर्मनी चले गए हैं। उन्होंने जनता के विरोध में भारत विरोध शुरू कर दिया है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत में चुनाव की निष्पक्षता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत के संस्थागत ढांचे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का पूरी तरह से कब्जा हो गया है। लेकिन विपक्ष को इसका मुकाबला करने के लिए रास्ता निकालना होगा। जर्मनी की राजधानी बर्लिन के हार्टी स्कूल में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने आरोप लगाया कि खुफिया एजेंसियों, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को हथियार में तब्दील कर दिया गया है।

बीजेपी का पलटवार


मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी के विदेश दौरे पर कहा, "वह लगातार देश के मान सम्मान और देश की संवैधानिक व्यवस्था पर हमला करने के लिए विदेश दौरे पर जाते हैं। मुझे लगता है कि विदेशी धरती पर भारत के खिलाफ राहुल गांधी के गैर-जिम्मेदाराना बयान एक बड़ी विदेशी साजिश का हिस्सा है।"

वहीं, बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर कहा, "राहुल गांधी को इलाज की जरूरत है। विदेश में जाकर वो भारत की निंदा करते हैं। पीएम मोदी की निंदा करते-करते वह देश की ही निंदा करने लगते हैं। ये वो भारत है जहां सुई भी विदेश से आया करती थी और आज भारत कहां से कहां तक पहुंच गया। हम लोग चंदलोक पर पहुंच गए हैं। हमने कितनी तरक्की की है, यह बात राहुल गांधी देख नहीं पाते।"

इसके अलावा राहुल गांधी के बयान पर राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा, "इनकी आदत है, ये कई बार भारत के खिलाफ बोल चुके हैं। ये अच्छा नहीं है। संविधान की बात करते हैं और फिर भारत का अपमान करते हैं। भारत का नागरिक भारत का अपमान सहन नहीं करेगा।"

JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की भारत के 'चुनावी सिस्टम' पर टिप्पणी पर कहा, "अब इसका बेहतर जवाब राहुल गांधी खुद दे सकते हैं। देश की सियासत में जनता ने ऐसा गैर-जिम्मेदार नेता कभी नहीं देखा। राहुल ने लोकतंत्र, संविधान, निर्वाचन प्रक्रिया और भारतीय संवैधानिक ढांचे के सभी अनिवार्य अंग पर प्रहार करने का काम किया है। बतौर नेता प्रतिपक्ष उनकी खुद की जिम्मेदारी क्या है?...अब निस्देह हिंदुस्तान की शरहत के बाहर जाकर कहां क्या बोलते है? अब इसमें किसी की कोई दिलचस्पी नहीं रह गई है।"

राहुल गांधी का बड़ा आरोप

राहुल गांधी ने कहा, "हम भारत में चुनाव की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठा रहे हैं... हमारे देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर चौतरफा हमला हो रहा है।" उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में ब्राजील की मॉडल का नाम 22 जगह पर था। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "हम जो सवाल उठा रहे हैं उसका जवाब निर्वाचन आयोग की तरफ से नहीं मिल रहा है।" उन्होंने कहा कि भारत में चुनावी मशीनरी में कुछ बुनियादी समस्या है।

उन्होंने आरोप लगाया, "संस्थागत ढांचे पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया गया है, जब आप हमारी खुफिया एजेंसियों, सीबीआई और ईडी को देखते हैं तो पाते हैं कि इन्हें पूरी तरह से हथियार में तब्दील कर दिया गया है।" गांधी ने कहा, "देखिए, BJP के लोगों के खिलाफ ईडी और सीबीआई के कितने मामले हैं? जवाब यह होगा कि एक भी नहीं।" उन्होंने दावा किया कि ज्यादातर मामले विपक्ष के लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए हैं।

ये भी पढ़ें- Hindu killed in Bangladesh: 'भारत में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार का रिएक्शन है'; बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या पर दिग्विजय सिंह का विवादित बयान

उनका कहना था, "अगर आप बड़े उद्योगपति हैं और कांग्रेस का सहयोग करने का इरादा रखते हैं, तो आपको धमकाया जाएगा। ईडी सीबीआई आ जाएगी।" कांग्रेस नेता ने दावा किया कि भारत में इस तरह का माहौल है कि संस्थाओं को जिस तरह का काम करना चाहिए वह नहीं कर पा रही हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।