Rajasthan Bus Fire: राजस्थान में फिर आग लगने की दर्दनाक घटना! बस में करंट लगने से दो मजदूरों की मौत, 10 झुलसे

Rajasthan Bus Fire: राजस्थान एक एक बार फिर एक निजी बस में आग लगने की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राजस्थान के जयपुर में मंगलवार (28 अक्टूबर) को दर्दनाक बस हादसा हुआ। एक बस हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आ गई, जिससे दो मजदूरों की मौत होने की सूचना है। जबकि 10 से अधिक मजदूर चोटिल बताए जा रहे हैं

अपडेटेड Oct 28, 2025 पर 2:07 PM
Story continues below Advertisement
Rajasthan Bus Fire: राजस्थान के निजी बसों में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है

Rajasthan Bus Fire: राजस्थान में एक बार फिर बस में आग लगने की दर्दनाक घटना सामने आई है। जैसलमेर के बाद अब जयपुर जिले के मनोहरपुर इलाके में मंगलवार (28 अक्टूबर) को एक निजी बस बिजली के तारों के संपर्क में आ गई। इससे उसमें करंट आ गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा डूडी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि करंट लगने से 10 मजदूर झुलस गए हैं। जानकारी सामने आई है कि जयपुर जिले के शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के मनोहरपुर क्षेत्र में यह हादसा हुआ। यह बस शाहपुरा के टोडी स्थित ईंट भट्टे पर मजदूरों को लेकर आ रही थी। हाईटेंशन लाइन को छूने पर पूरी बस में करंट दौड़ने लगा, जिसके बाद उसमें आग लग गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह ने बताया कि बस उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से मजदूरों को लेकर मनोहरपुर स्थित एक ईंट भट्टा जा रही थी। बस में कुछ गैस सिलेंडर और अन्य घरेलू सामान भी था। उन्होंने बताया कि मनोहरपुर के एक गांव के पास कच्चे रास्ते से गुजरते समय बस की छत पर रखा सामान हाईटेंशन लाइन को छू गया। इसके बाद बस में आग लग गई।

कुछ मजदूर बस से कूदने में कामयाब रहे। बाद में आग बुझा दी गई। घायलों को शाहपुरा के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से छह को झुलसने की वजह से जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया जबकि कुछ का शाहपुरा में प्राथमिक इलाज किया गया।


सिंह ने बताया कि घरेलू सामान में गैस सिलेंडर भी शामिल थे। उपमुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी। एसएमएस अस्पताल में बर्न वार्ड में घायलों के शीघ्र इलाज की व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन के अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने अस्पताल पहुचे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने X पर लिखा, "जयपुर के मनोहरपुर में हुई बस दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार का निर्देश दिया गया है।" राज्यपाल हरिभाउ बागडे ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर शोक जताते हुए लिखा, "जयपुर के मनोहरपुर में श्रमिकों से भरी बस के हाईटेंशन लाइन छूने से आग लगने के कारण दो व्यक्तियों की मृत्यु एवं कई अन्य के घायल होने का समाचार दुखद है। राजस्थान में जिस प्रकार से आए दिन हादसे होने से आम जन अपनी जान गंवा रहे हैं, वह चिंताजनक है।"

राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा, "मजदूरों से भरी बस के हाईटेंशन लाइन से टकराने की घटना अत्यंत दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। हादसे में दो लोगों की मृत्यु और 10 से अधिक लोगों के घायल होने का समाचार गहरा दुख देने वाला है। शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"

उन्होंने X पोस्ट में लिखाM "ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति, परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।" पूर्व सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने बस दुर्घटना पर दुख जताया।

उन्होंने कहा, "जयपुर के मनोहरपुर क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन के चपेट में आने से एक स्लीपर बस में आग लगने से हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। इस हादसे में दो मजदूरों की मृत्यु हो जाने व कई लोगों के गंभीर रूप से झुलस जाने के समाचार प्राप्त हुए हैं। ईश्वर दिवंगतजनों की आत्मा को शांति प्रदान करें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

ये भी पढ़ें- Bihar Chunav: RJD ने इन 27 नेताओं को क्यों दिखाया पार्टी से बाहर का रास्ता, तेजप्रताप की साली वाली सीट पर भी कटा पत्ता

यह घटना जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर हुई बस आग त्रासदी के कुछ ही दिनों बाद हुई है, जिसमें 14 अक्टूबर को 22 लोगों की मौत हो गई थी। राजस्थान पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। बस निर्माण और सुरक्षा मानकों में संभावित खामियों की जांच शुरू कर दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।