Rajasthan Tension: जयपुर के चौमूं में सांप्रदायिक तनाव! मस्जिद के बाहर भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव, हिंसा-बवाल के बाद इंटरनेट बंद

Rajasthan Tension: पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में हुई हिंसा में छह पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ज्यादातर पुलिसकर्मियों को सिर में चोटें आई हैं। हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पथराव के दौरान कई पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा

अपडेटेड Dec 26, 2025 पर 12:07 PM
Story continues below Advertisement
Rajasthan Tension: बताया जा रहा है कि एक मस्जिद के पास पत्थरों को लेकर दो समुदायों में हिंसा भड़क गई

Rajasthan Tension: राजस्थान के जयपुर से दो समुदाय के बीच सांप्रदायिक तनाव की खबर सामने आई है। जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में शुक्रवार (26 दिसंबर) सुबह एक मस्जिद के बाहर लोहे की रेलिंग लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद दंगाईयों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। यह घटना सुबह करीब 3 बजे चौमूं बस स्टैंड के पास हुई। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए और स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। हिंसा और बवाल के बाद इलाके में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। यह पाबंदी 24 घंटे के लागू रहेगी।

यह मामला शुक्रवार (26 दिसंबर) की सुबह करीब 4.00 बजे का बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिंसा में छह पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ज्यादातर पुलिसकर्मियों को सिर में चोटें आई हैं। हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पथराव के दौरान कई पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस सूत्रों ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को बताया कि विवाद मस्जिद के पास सड़क किनारे रखे पत्थरों को हटाने से जुड़ा था।

गुरुवार शाम को एक खास समुदाय के सदस्यों और पुलिस प्रशासन के बीच एक बैठक हुई। इसमें समुदाय ने स्वेच्छा से पत्थर हटाने पर सहमति जताई। हालांकि, पत्थर हटाए जाने के बाद कुछ लोगों ने मस्जिद के पास एक बाउंड्री बनाने के लिए लोहे की रेलिंग लगाना शुरू कर दिया, जिससे नया तनाव पैदा हो गया। इसके बाद जब पुलिस ने दखल देने की कोशिश की, तो भीड़ के एक हिस्से ने कथित तौर पर पथराव किया।


स्थिति बिगड़ने पर चौमूं, हरमाड़ा, विश्वकर्मा और दौलतपुरा सहित कई पुलिस स्टेशनों से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। भीड़ को तितर-बितर करने और आगे हिंसा को रोकने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। बताया जा रहा है कि इस दौरान आंसू गैस के गोले भी दागे। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सुबह तक स्थिति को काबू में कर लिया गया था। पुलिसकर्मियों ने कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरे चौमूं में फ्लैग मार्च किया।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार, डीसीपी पश्चिम हनुमान प्रसाद और अतिरिक्त डीसीपी राजेश गुप्ता, जयपुर के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति पर नज़र रखने के लिए मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इलाके में फिलहाल शांति है। पथराव में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

अधिकारियों ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सख्त लहजे में कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। चौमूं के पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में दावा किया कि स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि लोकल इलाके में इंटरनेट सर्विस चालू है। अभी तक इंटरनेट सर्विस चालू है और स्थिति कंट्रोल में है। हालांकि, व्हाट्सएप सर्विस और बल्क मैसेज सर्विस बंद कर दी गई हैं।

ये भी पढ़ें- Viral video: 'जाको राखा साइयां..'; 10वीं मंजिल से गिरा बुजुर्ग! 8वें माले पर ग्रिल में फंसा, सूरत में चमत्कार का वीडियो वायरल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।