रांची के लोगों के लिए अच्छी खबर है। सिटी में नाइट मार्केट बनने जा रहा है। एक तरफ इससे रांची के लोगों को शॉपिंग का नया एक्सपीरियंस मिलेगा तो दूसरी तरफ रोजगार के बड़े मौके बनेंगे। नाइट मार्केट के लिए जमीन की पहचान कर ली गई है। आइए इस नाइट मार्केट की खास बातें जानते हैं।
ग्रामीण महिलाओं को एलॉट होंगे आउटलेट
रांची में प्रस्तावित नाइट मार्केट की खास बात यह है कि इसमें ग्रामीण महिलाओं को प्राथमिकता के साथ फूड आउटलेट एलॉट किया जाएगा। इतना ही नहीं आउटलेट शुरू करने के लिए उन्हें सब्सिडी भी दी जाएगी। इस मार्केट के लिए करमटोली चौक के करीब स्थित करमटोली तालाब के पास 51 डिसमिल जमीन की पहचान कर ली गई है। इस जमीन की बाउंड्री भी हो गई है।
शॉपिंग के साथ लजीज व्यंजन का उठा सकेंगे लुत्फ
रांची के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा, "ग्रामीण महिलाओं से आउटलेट का कोई रेंट नहीं लिया जाएगा। अपने घर खाना बनाने वाली महिलाओं को आउटलेट मिलेगा। उनके आउटलेट को प्रमोट किया जाएगा और उनको पलाश ब्रैंड से भी जोड़ा जाएगा। नाइट मार्केट को ऐसे प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित करने का प्लान है, जहां शहर के लोग शॉपिंग के नए एक्सपीरियंस के साथ ही लजीज व्यंजन का लुफ्त उठा सकेंगे।
नाइट मार्केट में मिलेगी झारखंड की संस्कृति की झलक
नाइट मार्केट के जरिए न सिर्फ झारखंड के व्यंजन को पहचान मिलेगी बल्कि बल्कि लोगों को हेल्दी फूड भी उपलब्ध होगा। खासतौर पर यहां मिलेट प्रोडक्ट्स यह उपलब्ध होंगे। इनमें मड़वा, बाजरा, मकई, घोड़ा चावल, मडवा के बने लड्डू, मकई लड्डू व बिस्किट, बांस के अचार शामिल हैं। यहां पर सिटी के लोगों को झारखंड के सोहराय पेंटिंग की खूबसूरत कलाकृति भी देखने को मिलेगी। नाइट मार्केट की साज-सज्जा का खास ध्यान रखने का प्लान है।
शहर के लोगों में नाइट मार्केट को लेकर उत्साह
गौरव ने कहा कि यह सिर्फ नाइट मार्केट नहीं होगा बल्कि यहां आप झारखंड की संस्कृति और आदिवासियों की जिंदगी के बारे में जान सकेंगे। लोग नाइट पार्क में झारखंड के खानपान, यहां के कपड़े, यहां की पेंटिंग को एक्सप्लोर कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि खासकर राज्य के बाहर के लोगों को नाइट मार्केट में पूरे झारखंड को करीब से देखने का मौका मिलेगा। सिटी के लोगों में नाइट मार्केट को लेकर काफी उत्साह है।
(रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट)