Republic Day 2026 Parade Live: 10 हजार पुलिसकर्मी, 3 हजार CCTV और AI चश्मे तैनात
गणतंत्र दिवस समारोह को सुरक्षित बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने कड़े और बहुस्तरीय सुरक्षा इंतजाम किए हैं। नई दिल्ली इलाके में करीब 10,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। परेड मार्ग और आसपास के इलाकों में 3,000 से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें वीडियो एनालिटिक्स और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) की सुविधा है।
30 से ज्यादा कंट्रोल रूम दिन-रात लाइव कैमरा फीड की निगरानी करेंगे। मैदान में तैनात पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले इलाकों में AI से लैस स्मार्ट चश्मों का इस्तेमाल करेंगे, जो अपराधियों के डेटाबेस से जुड़े होंगे और रियल टाइम पहचान में मदद करेंगे। इसके अलावा, FRS से लैस मोबाइल सर्विलांस वाहन भी अहम जगहों पर तैनात रहेंगे।
सुरक्षा के लिए कई स्तर की बैरिकेडिंग, कड़ी प्रवेश जांच और एंटी-सैबोटाज उपाय लागू किए गए हैं। पुलिस ने निगरानी बढ़ाने के लिए हजारों छतों की मैपिंग की है और बाजारों, रेलवे स्टेशनों व बस अड्डों जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में खास सतर्कता बरती जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, जांच के दौरान सहयोग करने और प्रतिबंधित सामान न लाने की अपील की है। साथ ही, सुरक्षित और सुचारू आयोजन के लिए अंतर-राज्यीय समन्वय भी मजबूत किया गया है।