Sharad Kapoor: आर्थिक मदद की गुहार लगा रहे शरद कपूर की पत्नी कोयल बसु कौन हैं? पश्चिम बंगाल के पूर्व CM से है खास रिश्ता
Sharad Kapoor Jyoti Basu Connection: शरद कपूर कभी बॉलीवुड के चहेते स्टार हुआ करते थे। उन्होंने 1990 के दशक और 2000 की शुरुआत में कई फिल्मों में शानदार किरदार निभाए थे। साल 2000 की फिल्म 'जोश' में 'प्रकाश' के रूप में उनका किरदार अमर हो गया। इस फिल्म में वे शाहरुख खान के खिलाफ विलेन बने थे। उनकी शानदार एक्टिंग आज भी उनके फैंस को याद है। हालांकि, शरद कपूर इन दिनों आर्थिक और शारीरिक तंगी से जूझ रहे हैं
Sharad Kapoor Jyoti Basu Connection: बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों आर्थिक और शारीरिक तंगी से जूझ रहे हैं
Sharad Kapoor Jyoti Basu Connection: 90 के दशक और 2000 के शुरुआती सालों में बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता शरद कपूर इन दिनों काफी परेशान हैं। फिल्म 'जोश' में सुपरस्टार शाहरुख खान के सामने विलेन 'प्रकाश' का किरदार निभाकर लोकप्रियता हासिल करने वाले शरद कपूर का हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में अभिनेता की शारीरिक हालत काफी कमजोर नजर आई, जिसके बाद उनके फैंस ने चिंता जाहिर की। इस बीच उनकी निजी जिंदगी और पत्नी कोयल बसु को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। आखिर कौन हैं कोयल बसु और उनका पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु से क्या रिश्ता है?
कौन हैं शरद कपूर की पत्नी कोयल बसु?
शरद कपूर का जन्म और पालन-पोषण पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में हुआ था। अभिनेता की शादी कोयल बसु से हुई है, जो पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती बताई जाती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शरद और कोयल की पहली मुलाकात साल 2006 में कोलकाता के ओबेरॉय होटल में हुई थी। उस समय कोयल वहां काम करती थीं। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई। फिर धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिसंबर 2006 में दोनों ने सगाई कर ली थी। करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 2008 में शादी कर ली। बताया जाता है कि शादी से पहले शरद कपूर ने ज्योति बसु से मुलाकात की थी। उनका आशीर्वाद भी लिया था। बताया जाता है कि शरद और कोयल का एक बच्चा भी है। हालांकि, परिवार ने बच्चे को लेकर सार्वजनिक रूप से ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की है।
वायरल वीडियो में कमजोर हालत में नजर आए शरद कपूर
हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने अभिनेता के फैंस को चिंता में डाल दिया। वायरल वीडियो में शरद कपूर काफी कमजोर दिखाई दिए। उनके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। उन्हें चलते समय भी परेशानी होती नजर आई। इस वीडियो के सामने आने के बाद पता चला कि अभिनेता के चार पालतू कुत्तों को मुंबई की एक गैर-सरकारी संस्था YODA के पशु कल्याण केंद्र में शिफ्ट किया गया है। बताया गया कि आर्थिक परेशानियों और शारीरिक दिक्कतों के चलते शरद एवं उनकी पत्नी के लिए चारों कुत्तों की देखभाल करना मुश्किल हो रहा था। घर के कामकाज और पालतू जानवरों की देखभाल के लिए एक्स्ट्रा मदद भी उपलब्ध नहीं थी।
सलमान खान और सोनू सूद ने की मदद
अखिल भारतीय सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने अभिनेता शरद कपूर की मदद के लिए आगे आने पर बॉलीवुड कलाकार सलमान खान और सोनू सूद का आभार जताया है। शरद कपूर ने हाल ही में खुलासा किया था कि वह जीवन के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। इसके बाद सोनू सूद ने हाल ही में शरद कपूर से मुलाकात की थी। वहीं ऐसी खबरें भी हैं कि सलमान खान ने भी शरद से संपर्क किया है।
भारतीय फिल्म उद्योग के कलाकारों और कामगारों के कल्याण के लिए काम करने वाले गैर-लाभकारी संगठन एआईसीडब्ल्यूए ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक बयान शेयर किया। बयान में कहा गया, "अखिल भारतीय सिने वर्कर्स एसोसिएशन इस मुश्किल समय में अभिनेता शरद कपूर को आर्थिक मदद देने के लिए आगे आने पर सलमान खान का तहे दिल से आभार जताता है। इस तरह की पहल न केवल शरद कपूर जी, बल्कि उन सभी कलाकारों को उम्मीद देती है, जिन्हें डर है कि मुश्किल समय में उन्हें भुला दिया जाएगा।"
बयान में आगे कहा गया, "एआईसीडब्ल्यूए शरद कपूर जी से संपर्क करने के लिए सोनू सूद का भी हार्दिक आभार व्यक्त करता है। बताया जाता है कि सोनू सूद ने उनसे मुलाकात की और एक ऐसी परियोजना पर चर्चा की, जिससे उन्हें दोबारा काम मिल सकता है। उन्होंने उनके लिए चिकित्सा सहायता का भी इंतजाम किया है। शरद कपूर जी ने सम्मान के साथ काम मांगा था और उन्हें ठीक यही चाहिए।''
शाहरुख खान और ऋतिक रोशन के साथ काम कर चुके हैं शरद
AICWA ने कहा कि शरद कपूर ने शाहरुख खान के साथ 'जोश' और ऋतिक रोशन के साथ 'लक्ष्य' जैसी फिल्मों में काम किया है। अब उन्हें दोबारा काम शुरू करने के लिए फिल्म उद्योग के सहयोग की जरूरत है। फिल्म जगत से जुड़े इस संगठन ने कहा कि शरद कपूर जैसे कई अन्य लोग भी हैं, जो चुपचाप मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।
अभिनेता ने की मदद की अपील
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में शरद कपूर ने कहा कि उन्हें काम की जरूरत है। उन्होंने कहा, "मुझे आर्थिक, नैतिक और मानसिक रूप से मदद की जरूरत है। मैं अपने सभी साथी कलाकारों का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। मैं हमेशा खुद को उनका प्रशंसक मानता हूं। इसलिए मैं आपसे अपील करता हूं कि कृपया मेरी मदद करें।"
एक अन्य वीडियो में शरद कपूर ने सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) से भी उन्हें काम दिलाने में मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा, "मैं अच्छे काम की तलाश में हूं। मुझे आपके सहयोग की जरूरत है। मुझे पता है कि आपने हमेशा अपने आसपास के लोगों का साथ दिया है। अगर आप मेरी मदद कर सकें तो मैं आपका बहुत आभारी रहूंगा। मैं एक बेहतरीन अभिनेता हूं।"