MS Dhoni IPL Retirement: महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल को कहा अलविदा, चेन्नई सुपर किंग्स ने टीम का मेंटर नियुक्त किया

MS Dhoni IPL Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) करियर को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ लंबे समय तक जुड़े रहे धोनी अब खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर नजर नहीं आएंगे। हालांकि, क्रिकेट से उनका रिश्ता खत्म नहीं हुआ है। CSK ने उन्हें टीम का मेंटर नियुक्त किया है

अपडेटेड Nov 17, 2026 पर 3:44 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
MS Dhoni IPL Retirement: महेंद्र सिंह धोनी अब IPL में भी खेलते नजर नहीं आएंगे

MS Dhoni IPL Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खिलाड़ी के रूप में अपने करियर को विराम दे दिया है। उनकी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें टीम का मेंटर नियुक्त किया है। चेन्नई सुपर किंग्स की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी मेंटर (मार्गदर्शक) के रूप में टीम परिवार का हिस्सा बने रहेंगे। उनका अनुभव और विशेषज्ञता हमारे लिए बेहद अनमोल है। गुरुनाथ ने आगे कहा कि मैदान पर पीली जर्सी में धोनी को खेलते हुए देखने की कमी हमें हमेशा खलेगी। लेकिन हमें खुशी है कि वह आगे भी टीम के खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

वहीं, इस दौरान चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के सह-मालिक और रूपा गुरुनाथ के पिता एन. श्रीनिवासन ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी हमेशा सीएसके की पहचान का अभिन्न हिस्सा रहेंगे। सीएसके उनका घर था, है और हमेशा रहेगा।

CSK का बयान


45 वर्षीय पूर्व भारतीय कप्तान के आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर खेलने को लेकर पहले से ही अटकलें लगाई जा रही थीं। बार-बार चोटिल होने के कारण पिछले कुछ वर्षों में फ्रेंचाइजी के लिए धोनी की भागीदारी सीमित होती गई थी। सुपरकिंग्स की ओर से जारी बयान में हालांकि इस स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज की कोई प्रतिक्रिया शामिल नहीं थी।

सुपरकिंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने बयान में कहा, "महेंद्र सिंह धोनी के बिना सुपरकिंग्स की कल्पना नहीं की जा सकती। करीब दो दशक से हम हर सफलता, मुश्किल और उतार-चढ़ाव में एक-दूसरे के साथ रहे हैं और साथ मिलकर आगे बढ़े हैं।"

श्रीनिवासन की बेटी और फ्रेंचाइजी की सह मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा, "महेंद्र सिंह धोनी मेंटर के तौर पर सुपरकिंग्स परिवार का हिस्सा बने रहेंगे। उनका अनुभव और विशेषज्ञता हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है, विशेषकर बदलाव के इस दौर में। टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं और उनका मार्गदर्शन सुपरकिंग्स की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेगा।"

2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया था संन्यास

विश्व कप विजेता भारतीय कप्तान धोनी ने अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। धोनी की कप्तानी में सुपरकिंग्स ने पांच आईपीएल खिताब जीते। वह फ्रेंचाइजी के लिए 5,314 रन के साथ दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। इसके अलावा वह सुपरकिंग्स के लिए सर्वाधिक 272 मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं।

CSK के लिए बेहद खास रहा है धोनी का सफर

महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का रिश्ता आईपीएल के शुरुआती सीजन से ही जुड़ा रहा है। उनकी कप्तानी में सीएसके ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में खिताब जीता। धोनी की कप्तानी में टीम ने मुश्किल परिस्थितियों में वापसी करना, दबाव में शांत रहना और बड़े मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना सीखा। यही वजह है कि उन्हें सिर्फ एक कप्तान नहीं, बल्कि सीएसके की पहचान माना जाता है।

अब नई पीढ़ी को तैयार करेंगे धोनी

खिलाड़ी के रूप में IPL को अलविदा कहने के बाद धोनी की भूमिका अब रूप में नजर आने वाली है। मेंटर के तौर पर वह टीम के खिलाड़ियों को रणनीति, नेतृत्व और बड़े मुकाबलों के दबाव से निपटने के गुर सिखा सकते हैं। उनके लंबे अनुभव से युवा खिलाड़ियों को काफी कुछ सीखने का मौका मिलेगा। इस तरह आईपीएल में धोनी का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। भले ही क्रिकेट फैंस को अब उन्हें मैदान पर पीली जर्सी में खेलते देखने का मौका न मिले। लेकिन उनका जुड़ाव चेन्नई सुपर किंग्स के साथ पहले की तरह आगे भी बना रहेगा। अगले साल यानी IPL 2027 से वह टीम में मेंटर की नई भूमिका निभाएंगे।

ये भी पढ़ें- सूर्यकुमार यादव के बाद भारत का अगला टी20 कप्तान कौन? देखें दावेदारों की पूरी लिस्ट

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।