Sonia Gandhi Book: 'पापा अब नहीं रहे, है ना?'; राजीव गांधी की हत्या वाली रात 10 जनपथ में मचा था कोहराम, सोनिया गांधी की किताब में दर्दनाक खुलासा
Sonia Gandhi Book: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या की रात 10 जनपथ में क्या हुआ था? उस रात सोनिया गांधी पर क्या गुजरी थी और बेटी प्रियंका गांधी ने किस तरह अपनी मां को संभाला था? कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी नई आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव (Belonging: A Journey of Love)' में उन दर्दनाक पलों का जिक्र किया है, जिन्हें पढ़कर किसी की भी आंखें नम हो सकती हैं।
Sonia Gandhi Book: सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि राजीव के पार्थिव अवशेषों की भयावह तस्वीर आज तक नहीं देखी (फोटो-vanityfair.com)
Sonia Gandhi Book: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के तीन दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज तक उस तस्वीर को नहीं देखा है, जिसमें विस्फोट के बाद उनके पति के पार्थिव अवशेष दिखाई देते हैं। सोनिया गांधी ने अपनी नई आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव (Belonging: A Journey of Love)' बताया है कि 21 मई 1991 की रात जब राजीव गांधी की हत्या की खबर आई, तब दिल्ली स्थित 10 जनपथ में किस तरह अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया था। इस दौरान 19 साल की प्रियंका गांधी ने जिस हिम्मत के साथ अपनी मां को संभाला, उसका भी भावुक वर्णन किया गया है।
10 जनपथ में फोन कॉल के बाद मच गई थी हलचल
सोनिया गांधी के मुताबिक, 21 मई 1991 की रात राजीव गांधी तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। इसी दौरान आत्मघाती बम हमले में उनकी हत्या कर दी गई। उस समय सोनिया गांधी दिल्ली स्थित अपने आवास 10 जनपथ में थीं। उन्हें शुरुआत में केवल इतना बताया गया कि मद्रास (अब चेन्नई) में चुनावी कार्यक्रम के दौरान बम विस्फोट हुआ है।
सोनिया गांधी अपनी किताब में लिखती हैं कि प्रियंका गांधी को जैसे ही विस्फोट की सूचना देने वाला फोन आया, वह तुरंत अपनी मां के पास पहुंचीं। प्रियंका ने तेजी से पूरी बात बताई और सोनिया गांधी से तुरंत रवाना होने की तैयारी करने को कहा। हालांकि, शुरुआत में सोनिया गांधी को प्रियंका की बातें पूरी तरह समझ नहीं आईं। लेकिन बेटी की आवाज में छिपा डर और बेचैनी उन्हें अंदर तक हिला गई। उन्हें अहसास होने लगा कि कुछ बेहद गंभीर और अनहोनी घट चुकी है।
मां की बांहों में टूट गई थीं सोनिया गांधी
सोनिया गांधी बताती हैं कि प्रियंका की आवाज में भय का ऐसा एहसास था कि वह खुद को संभाल नहीं सकीं। उनकी सांसें जैसे थम गईं। वह खड़ी हुईं, लेकिन अगले ही पल बेटी की बांहों में गिर पड़ीं। इस दौरान सोनिया गांधी बार-बार खुद से सवाल कर रही थीं कि आखिर वह राजीव गांधी के साथ चुनावी दौरे पर क्यों नहीं गईं। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि अचानक सब कुछ कैसे बदल गया। घर के कर्मचारियों को भी घटना की गंभीरता का अंदाजा हो चुका था। 10 जनपथ के गलियारों में रोने की आवाजें गूंजने लगी थीं और हर तरफ बेचैनी का माहौल था।
19 साल की प्रियंका ने संभाली पूरे घर की जिम्मेदारी
इस मुश्किल घड़ी में प्रियंका गांधी ने असाधारण धैर्य दिखाया। सोनिया गांधी के मुताबिक, उस रात प्रियंका खुद अंदर से पूरी तरह टूट चुकी थीं, लेकिन उन्होंने अपनी मां के सामने आंसू नहीं बहाए। प्रियंका ने पूरे घर की जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली। वह लगातार एक कमरे से दूसरे कमरे तक जा रही थीं। वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं को फोन कर रही थीं, चेन्नई जाने की व्यवस्था कर रही थीं और जरूरी जानकारियां जुटा रही थीं।
इतना ही नहीं, प्रियंका इस बात का भी ध्यान रख रही थीं कि उनकी मां तक कोई ऐसी बातचीत या जानकारी न पहुंचे, जिससे उनका दुख और बढ़ जाए। वह लगातार सोनिया गांधी को संभालने और उन्हें मुश्किल हालात से बचाने की कोशिश कर रही थीं। जब सुरक्षा अधिकारियों की ओर से राजीव गांधी की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई, तब प्रियंका ने अपनी मां को गिरने से बचाने के लिए उन्हें सहारा दिया और धीरे-धीरे बेडरूम तक ले गईं।
राहुल गांधी को फोन पर मिली थी पिता की मौत की खबर
सोनिया गांधी की आत्मकथा में उस रात का एक और बेहद भावुक प्रसंग सामने आया है। उस समय राहुल गांधी अमेरिका में पढ़ाई कर रहे थे। परिवार और करीबी लोगों के सामने सबसे बड़ी चुनौती राहुल तक यह दुखद खबर पहुंचाने की थी। काफी कोशिशों के बाद परिवार के एक मित्र ने राहुल गांधी से फोन पर संपर्क किया। उन्हें पिता के साथ हुए हादसे की जानकारी देने की कोशिश की गई। लेकिन राहुल गांधी ने फोन पर जो सवाल पूछा, उसने उस रात के दर्द को और गहरा कर दिया।
राहुल गांधी ने कहा, 'पापा अब नहीं रहे, है ना?'
किताब में राहुल गांधी से संपर्क करने की उस बेहद कष्टदायक कोशिश का भी जिक्र है, जो उस समय अमेरिका में पढ़ाई कर रहे थे। जब परिवार के एक करीबी दोस्त ने फोन पर उन्हें यह दुखद खबर दी, तो राहुल गांधी ने तुरंत एक ऐसा जवाब दिया जो रोंगटे खड़े कर देने वाला था:- "पापा गुजर गए, है ना?" सोनिया गांधी बताती हैं कि राहुल को अपने पिता के साथ श्रीपेरंबदूर में होना था, लेकिन आखिरी समय में कार्यक्रम बदलने की वजह से उन्हें विदेश में ही रुकना पड़ा। यह किताब एक ऐसे राजनीतिक परिवार के गहरे निजी दर्द और उनके साहस की झलक दिखाता है, जो अचानक एक राष्ट्रीय त्रासदी का सामना करने के लिए मजबूर हो गया था।
राहुल गांधी और प्रियंका ने जानबूझकर तस्वीर से दूर रखा
किताब में लिखा है कि उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा ने जानबूझकर उन्हें इस तस्वीर से दूर रखा था। दोनों ने कर्मचारियों को निर्देश दिया था कि कोई भी अखबार या पत्रिका उन्हें सीधे न दी जाए और पहले उसकी जांच की जाए। उन्होंने कहा कि दोनों अपने पिता की हत्या के बाद उनके शव की भयावह तस्वीर से उन्हें बचाना चाहते थे, जिसे प्रिंट मीडिया में प्रकाशित किया गया था और जो बार-बार छपती रहेगी।
सोनिया गांधी ने लिखा कि इस दौरान वह खुद को एक बच्चे की तरह महसूस करने लगी थीं, जिसकी देखभाल राहुल और प्रियंका कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनके बच्चे उस समय माता-पिता की भूमिका में थे और अपनी मां की देखभाल करते हुए उन्हें इस भयावह तस्वीर से बचा रहे थे। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लिखा, "आज भी, 30 साल से अधिक समय बीत जाने के बाद, मैंने विस्फोट के बाद राजीव के पार्थिव अवशेषों की तस्वीर नहीं देखी है।"
बता दें कि राजीव गांधी की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी रैली के दौरान हत्या कर दी गई थी। लिट्टे (लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम) की एक महिला आत्मघाती हमलावर ने माला पहनाने के बहाने उनके पास पहुंचकर अपने शरीर पर बंधे विस्फोटकों से विस्फोट कर दिया था। इस हमले में राजीव गांधी सहित आसपास मौजूद 14 अन्य लोगों की भी मौत हो गई थी।