Delhi Airport: दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। स्पाइसजेट के एक यात्री अंकित दीवान ने आरोप लगाया है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक 'ऑफ-ड्यूटी' पायलट ने उनके साथ न केवल बदतमीजी की, बल्कि उन्हें बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। यह घटना सुरक्षा जांच की कतार में आगे निकलने को लेकर शुरू हुई थी। एयरलाइन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पायलट को तुरंत ड्यूटी से हटा दिया है।
कैसे हुई विवाद की शुरुआत?
अंकित दीवान अपनी पत्नी, 4 महीने के बच्चे और 7 साल की बेटी के साथ यात्रा कर रहे थे। क्योंकि अंकित के पास 4 महीने का बच्चा था, इसलिए स्टाफ ने उन्हें 'स्टाफ/PRM' सुरक्षा कतार का उपयोग करने के लिए कहा। उसी दौरान एयर इंडिया एक्सप्रेस के कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल भी वहां पहुंचे और कतार में आगे निकलने लगे। जब अंकित ने उन्हें टोका, तो पायलट भड़क गया। अंकित के अनुसार, पायलट ने उनसे पूछा कि क्या वह 'अनपढ़' हैं और देख नहीं सकते कि यह स्टाफ की एंट्री है? इसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई।
अंकित का आरोप है कि पायलट वीरेंद्र सेजवाल अपना आपा खो बैठे और उन पर हमला कर दिया। अंकित ने X पर अपने पोस्ट में लिखा, 'पायलट ने मुझ पर हमला किया, जिससे मैं लहूलुहान हो गया।' इस घटना ने अंकित की 7 साल की बेटी को गहरे सदमे में डाल दिया है। उसने अपने पिता को बुरी तरह पिटते देखा और वह अब भी डरी हुई है। अंकित ने सवाल उठाया कि क्या ऐसे पायलटों को उड़ान भरने की अनुमति मिलनी चाहिए जो अपना गुस्सा काबू नहीं कर सकते?
मजबूरी में कराया 'समझौता'
अंकित ने दिल्ली एयरपोर्ट के मैनेजमेंट पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्टाफ और छोटे बच्चों वाले यात्रियों की एंट्री एक ही जगह होने से अराजकता फैलती है। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि अंकित को शिकायत करने से भी रोका गया। अंकित ने बताया कि उन्हें एक पत्र लिखने के लिए मजबूर किया गया कि वह इस मामले को आगे नहीं बढ़ाएंगे। उन्होंने लिखा, 'मेरे पास दो ही रास्ते थे या तो पत्र लिखूं या अपनी 1.2 लाख रुपये की हॉलिडे बुकिंग बर्बाद कर दूं।' उन्होंने दिल्ली पुलिस से भी सवाल किया कि क्या सीसीटीवी फुटेज सेफ रहेगी ताकि वह छुट्टी से लौटकर शिकायत दर्ज करा सकें?
एयरलाइन ने पायलट को किया सस्पेंड
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और माफी मांगी। एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा, 'हमें दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई इस घटना का गहरा खेद है। हमारे कर्मचारी, जो दूसरी एयरलाइन में यात्री के रूप में यात्रा कर रहे थे, उन्हें तुरंत आधिकारिक ड्यूटी से हटा दिया गया है और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जा रही है।' सूत्रों के अनुसार, इस हंगामे के बाद आरोपी पायलट सेजवाल दूसरी फ्लाइट लेकर बेंगलुरु के लिए रवाना हो गया।