Surya Murder Case: कौन था सूर्या मर्डर केस का मुख्य आरोपी असद? गाजियाबाद में बकरीद पर दोस्त को बुलाकर कर दी हत्या, अब एनकाउंटर में ढेर
Ghaziabad Surya Murder Case: गाजियाबाद के थाना खोड़ा क्षेत्र में 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान की चाकू मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी असद को रविवार तड़के यूपी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। 28 मई को खोड़ा क्षेत्र में असद और उसके साथियों ने सूर्या पर चाकू से हमला कर हत्या कर दिया था
Ghaziabad Surya Murder Case: गाजियाबाद में सूर्या की हत्या का मुख्य आरोपी असद रविवार को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया
Ghaziabad Surya Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 11वीं कक्षा के छात्र की हत्या के मुख्य आरोपी की रविवार (31 मई) तड़के पुलिस एनकाउंटर में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। खोड़ा क्षेत्र का निवासी हत्यारा असद 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान की चाकू से हमला कर हत्या करने के मामले में फरार था। चौहान ने इलाज के दौरान शुक्रवार 29 मई को दम तोड़ दिया था।
खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी के निवासी चौहान पर 28 मई को एक विवाद के दौरान चाकू से हमला किया गया था। उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में नोएडा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
गाजियाबाद के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) धवल जायसवाल ने पत्रकारों को बताया कि 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी असद की रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।
जायसवाल ने आगे बताया कि असद खोड़ा क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में तीन गिरफ्तार, एक का एनकाउंटर
पीड़ित के परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। घटना के तुरंत बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि मुख्य आरोपी के रूप में नामजद असद फरार था। पुलिस ने कहा था कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी और चौहान दोस्त थे। दोनों के बीच मोटरसाइकिल चलाने को लेकर विवाद बढ़कर बहस में बदल गया जिसके बाद चौहान पर चाकू से हमला किया गया।
हालांकि, चौहान के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसे फोन कॉल कर एक स्थान पर मिलने के लिए बहाने बुलाया गया था जहां कई हमलावरों ने उस पर चाकुओं से हमला किया। चौहान की मौत के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कहा था कि हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।
पैसे लेकर फरार होने की फिराग में था असद, अभी भी एक आरोपी फरार
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया था। स्थानीय लोगों और विभिन्न हिंदू संगठनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन भी किया। इस मामले में पांच आरोपियों को नामजद किया गया था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
डीसीपी धवल जायसवाल के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने कुछ साथियों से पैसे लेकर क्षेत्र छोड़कर भागने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान असद अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया।
पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें असद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस अभियान चला रही है। घायल असद को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कौन था असद?
पुलिस के अनुसार असद गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र का रहने वाला था। वह 17 वर्षीय छात्र सूर्या प्रताप चौहान की हत्या के मामले में फरार चल रहा था। उसके ऊपर ₹50,000 का इनाम भी घोषित किया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक 28 मई 2026 को बकरीद के दिन सूर्या और असद के बीच विवाद हुआ। इसके बाद सूर्या पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल सूर्या की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव और विरोध प्रदर्शन हुए।
पुलिस का कहना है कि असद घटना के बाद फरार था। 31 मई 2026 की रात खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान उसे पकड़ने की कोशिश की गई। पुलिस के अनुसार उसने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी जानकारी दी गई। मामला अभी भी जांच और कानूनी प्रक्रिया के दायरे में है।
कौन था सूर्या चौहान?
सूर्य प्रताप एक प्राइवेट स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। वह खोड़ा कॉलोनी के नवनीत विहार में रहता था। गुरुवार शाम को शर्मा डेयरी के पास उस पर हमला किया गया और शुक्रवार दोपहर को चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में सूर्य के बड़े भाई यश ने आरोप लगाया कि असद ने किशोर पर जान से मारने के इरादे से हमला किया था। यश ने अपनी शिकायत में बताया कि जब हमला हुआ, उस समय सूर्य अपने दोस्तों आयुष और विक्की के साथ था।