Vijay News: तमिलनाडु की कमान संभालने ही सीएम विजय का ऐतिहासिक फैसला, 200 यूनिट फ्री बिजली समेत ये 3 बड़े ऑर्डर जारी

Tamil Nadu CM Vijay: जोसेफ विजय ने रविवार (10 मई) को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद संभालने के तुरंत बाद घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने, महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्पेशल टास्क फोर्स गठित करने और राज्यभर में एंटी ड्रग फोर्स बनाने संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए

अपडेटेड May 10, 2026 पर 1:06 PM
Story continues below Advertisement
Tamil Nadu CM Vijay: तमिलनाडु में विजय के मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद 3 बड़े फैसले लिए हैं

Tamil Nadu CM Vijay: तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के चीफ सी. जोसेफ विजय ने रविवार (10 मई) को मुख्यमंत्री पद संभालने के तुरंत बाद घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने, महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्पेशल टास्क फोर्स गठित करने और राज्यभर में एंटी ड्रग फोर्स बनाने संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। विजय ने मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में अपने पहले संबोधन में कहा कि वास्तविक धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध शासन के नए युग की शुरुआत अब हो गई है।

उन्होंने कहा कि उनके अलावा सत्ता का कोई दूसरा केंद्र नहीं होगा। बल्कि वही सत्ता के एकमात्र केंद्र होंगे। विजय ने सरकार गठन में उनकी पार्टी को समर्थन देने के लिए कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और वाम दलों का धन्यवाद किया। उन्होंने बच्चों का विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि टीवीके की जीत उन्हीं की वजह से हुई, क्योंकि उन्होंने अपने परिवारों को उनकी पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए राजी किया।

विजय ने अपने संबोधन में कहा, "तमिलनाडु पर करीब 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। एडमिनिस्ट्रेशन में आने के बाद ही कोई सही मायने में हालात और हमारे सामने आने वाली चुनौतियों को समझ सकता है। लेकिन मैं ईमानदारी और पक्के इरादे के साथ तमिलनाडु को आगे ले जाना चाहता हूं। मैं इस राज्य की हर महिला को भरोसा दिलाता हूं कि उनकी सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता होगी और महिलाओं को टारगेट करने वाले क्राइम के खिलाफ तुरंत एक्शन लिया जाएगा। ड्रग्स से परेशान लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा। हम उन्हें बचाने और उनके रिहैबिलिटेशन के लिए काम करेंगे और एक हेल्दी समाज बनाएंगे।"


विजय बने नौवें सीएम

तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख एवं पार्टी के विधायक दल के नेता सी जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने नेहरू स्टेडियम में आयोजित रंगारंग समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

टीवीके कार्यकर्ताओं की सीटियों की लगातार गूंजती आवाजों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की मौजूदगी के बीच विजय ने ईश्वर के नाम पर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 9 मंत्रियों ने भी ईश्वर के नाम पर शपथ ली।

जबकि पूर्ववर्ती द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) सरकार में अधिकतर मंत्रियों ने ऐसा नहीं किया था। विजय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में टीवीके नेता आधव अर्जुन, एन आनंद और के ए सेंगोट्टैयन सहित अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली।

विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद रविवार को पहली बार तमिलनाडु सचिवालय पहुंचे। सचिवालय पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया, जिसके बाद वह मुख्यमंत्री कक्ष में दाखिल हुए। वहां उन्होंने आधिकारिक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और विभिन्न विभागों के सचिवों तथा पुलिस अधिकारियों समेत राज्य के शीर्ष अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख सी जोसेफ विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी। पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।

पीएम मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, "श्री सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई। उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं। केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए काम करती रहेगी।"

51 वर्षीय अभिनेता से नेता बने विजय के पहले मंत्रिमंडल में युवा और अनुभवी दोनों तरह के नेता हैं। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख की मुख्य टीम को भी इसमें जगह मिली है। विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा कि वह किसी राजघराने से नहीं हैं। लेकिन लोगों ने उन्हें स्वीकार किया।

ये भी पढ़ें- Tamil Nadu CM Vijay: जोसेफ विजय बने तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री! इन मंत्रियों ने भी ली शपथ, कब तक गठबंधन सरकार चला पाएंगे TVK प्रमुख?

उन्होंने कहा कि वह झूठे वादे कर लोगों को धोखा नहीं देंगे। विजय के पिता एस ए चंद्रशेखर और उनकी मां शोभा, शीर्ष अभिनेत्री तृषा तथा बड़ी संख्या में आमंत्रित लोग जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।