प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा में चुनावी बिगुल फूंका और घोषणा की कि अब राज्य में आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को सत्ता में लाने का समय आ गया है। बता दें कि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन से हावड़ा और गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलने वाली भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
पीएम मोदी ने कहा, बीजेपी के शासन में देश के अलग-अलग हिस्सों में सुशासन देखने को मिल रहा है। अब बंगाल की बारी है। उन्होंने याद दिलाया कि बिहार चुनावों में जीत के बाद उन्होंने कहा था कि मां गंगा के आशीर्वाद से विकास की धारा बंगाल तक पहुंचेगी, और बीजेपी इसे सच करके दिखाएगी। उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में महाराष्ट्र में बीजेपी को ऐतिहासिक जीत मिली है। कुछ दिन पहले केरल में भी बीजेपी का मेयर बना है। उनके मुताबिक, यह साफ संकेत है कि देश की Gen Z यानी युवा पीढ़ी का बीजेपी पर पूरा भरोसा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों की ऊर्जा और उत्साह देखकर उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार बंगाल में भी बीजेपी को समर्थन मिलेगा।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल की इस पवित्र धरती से भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि देश में अब वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की शुरुआत हो रही है, जिससे यात्रियों को सफ़र के दौरान ज़्यादा आराम और बेहतर सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये नई स्लीपर ट्रेनें यात्रा को आरामदायक, शानदार और यादगार बनाएंगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वंदे भारत ट्रेन इस बात की साफ झलक है कि ‘विकसित भारत’ में ट्रेनों का स्तर कैसा होना चाहिए।