Major Blow To TMC: पश्चिम बंगाल की राजनीति से इस वक्त की सबसे विस्फोटक खबर आ रही है। विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना कर चुकी तृणमूल कांग्रेस अब पूरी तरह बिखरने की कगार पर पहुंच गई है। लोकसभा में टीएमसी के 20 बागी सांसदों ने एक साथ बगावत का बिगुल फूंक दिया है।
इन सभी बागी सांसदों ने सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को एक आधिकारिक चिट्ठी सौंपी है, जिसमें उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल होने की इच्छा जताई है। ममता बनर्जी के लिए इसे अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
काकोली घोष दस्तीदार करेंगी बागी गुट का नेतृत्व
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस से अलग होने वाले इस बागी धड़े की कमान पार्टी की वरिष्ठ नेता और सांसद काकोली घोष दस्तीदार के हाथों में होगी। काकोली घोष ही इस पूरे बागी गुट का नेतृत्व करेंगी। सांसदों के इस तरह इतनी बड़ी संख्या में पाला बदलने के फैसले से संसद के भीतर भी राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं।
बंगाल में हार के बाद टीएमसी में मची थी रार
हाल ही में संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में मिली करारी शिकस्त के बाद से ही तृणमूल कांग्रेस के भीतर अंदरूनी कलह और असंतोष चरम पर था।
आपको बता दें कि इस ऐतिहासिक चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है। ममता बनर्जी के कभी सबसे भरोसेमंद सेनापति रहे सुवेंदु अधिकारी इस वक्त बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में नई बीजेपी सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। बंगाल की सत्ता हाथ से जाने के बाद से ही टीएमसी में लगातार इस्तीफों और दलबदल का दौर जारी था, जो अब इस महा-बगावत के रूप में सामने आया है।