WhatsApp पर ली शेयर ट्रेडिंग की क्लास और गंवा दिए ₹47 लाख! नोएडा में साइबर ठगी के शिकार हुए दो लोग

Noida Cyber Fraud: नोएडा में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी के दो मामले सामने आए हैं। इन दोनों मामलों में दो लोगों से करीब 47 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए दोनों लोगों से संपर्क किया और उन्हें फिर निवेश के नाम पर पैसे लगाने के लिए मनाया।

अपडेटेड Oct 12, 2026 पर 10:05 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
नोएडा में साइबर ठगी के शिकार हुए दो लोग, गवाएं करीब ₹47 लाख

Noida Cyber Fraud: नोएडा में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी के दो मामले सामने आए हैं। इन दोनों मामलों में दो लोगों से करीब 47 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए दोनों लोगों से संपर्क किया और उन्हें फिर निवेश के नाम पर पैसे लगाने के लिए मनाया।

पहली शिकायत ग्रेटर नोएडा वेस्ट के रहने वाले 39 साल के वैभव गर्ग ने दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके साथ 20 लाख रुपये की ठगी हुई है। वैभव के मुताबिक, उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया था, जहां शेयर बाजार में निवेश से जुड़े मैसेज भेजे जाते थे।

उन्होंने बताया कि हर दिन शाम 7:30 बजे एक व्यक्ति वीडियो कॉल के जरिए निवेश से जुड़ी क्लास लेता था और इसके फायदे बताता था। वैभव ने पुलिस को बताया, "ग्रुप में शामिल लोग रोजाना अपने मुनाफे के स्क्रीनशॉट शेयर करते थे। इसके कुछ ही समय बाद, ठगों ने मुझसे पैसे निवेश करने के लिए कहा और 300% ब्याज का वादा किया।"


वैभव ने आगे बताया कि आरोपी ने उनसे डीमैट अकाउंट खोलने के लिए भी कहा, जिसके बाद उन्होंने 16 सितंबर से 6 अक्टूबर के बीच 10 बार में 20 लाख रुपये ट्रांसफर किए। लेकिन जब उन्होंने मुनाफा निकालना चाहा, तो ठगों ने उनसे अलग-अलग चार्ज के नाम पर और पैसे ट्रांसफर करने को कहा और चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर उन्हें डिफॉल्ट लिस्ट में डाल दिया जाएगा।

तब उन्हें समझ आया कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है और उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

एक बुजुर्ग के साथ हुई 27.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी

इसी तरह सेक्टर 20 में भी, एक 72 साल के बुज़ुर्ग के साथ 27.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई।

पुलिस के मुताबिक, 72 वर्षीय बुजुर्ग को भी ठगों ने एक ऐप के जरिए निवेश करने के लिए कहा था। जब उन्होंने अपना मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर और पैसे जमा करने का दबाव बनाया।

साइबर क्राइम थाने के SHO विजय राणा ने बताया कि दोनों शिकायतों के आधार पर FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) यानी धोखाधड़ी और 319(2) यानी किसी दूसरे की पहचान बनाकर ठगी करने के साथ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामलों की जांच के लिए पुलिस टीमों का गठन भी किया गया है।

यह भी पढ़ें: CM योगी आज किसानों को देंगे बड़ी राहत, 9.18 लाख अन्न दाताओं के खातों में ट्रांसफर करेंगे 483 करोड़ रुपये

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।