Delhi Traffic Advisory: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञान कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शनों और मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार, 13 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में ट्रैफिक में रुकावट की चेतावनी देते हुए एक एडवाइजरी जारी की है। इसके अनुसार, दिन के समय नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के मुख्य जंक्शनों और रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है।
पुलिस ने बताया कि ट्रैफिक को संभालने के लिए जमीनी हालात के आधार पर रूट में बदलाव और पाबंदियां लागू की जा सकती हैं। वहीं, गाड़ी चलाने वालों को सलाह दी गई है कि वे प्रभावित इलाकों में गैर-जरूरी यात्रा से बचें, डायवर्जन के संकेतों और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें।
उन सड़कों और जंक्शनों की लिस्ट जहां ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है
मंगलवार को इन रास्तों और जंक्शनों पर ट्रैफिक में रुकावट आ सकती है:
पंचकुइयां गोलचक्कर, मंडी हाउस गोलचक्कर, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (W-पॉइंट), राम चरण अग्रवाल चौक (A-पॉइंट), मिंटो रोड/दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक, चेम्सफोर्ड रोड–आउटर सर्कल कनॉट प्लेस T-पॉइंट, भैरौं रोड–MGM (रिंग रोड) T-पॉइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद गोलचक्कर, सरदार पटेल मार्ग–पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस के नीचे, मोती बाग फ़्लाईओवर के नीचे, रिंग रोड–सैन मार्टिन मार्ग T-पॉइंट, अशोक रोड–जंतर मंतर रोड गोलचक्कर, रेल भवन गोलचक्कर, जय सिंह रोड–संसद मार्ग क्रॉसिंग, आउटर सर्कल कनॉट प्लेस–बाराखंभा रोड T-पॉइंट, पटेल चौक गोलचक्कर, जय सिंह रोड–अशोक रोड T-पॉइंट, RML हॉस्पिटल गोलचक्कर, आउटर सर्कल कनॉट प्लेस–संसद मार्ग T-पॉइंट
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी
ट्रैफ़िक पुलिस ने कहा कि जमीनी हालात को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन (रास्ता बदलने) का फैसला तुरंत लिया जाएगा। प्रभावित इलाकों से गुजरने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और सफर के लिए ज्यादा समय लेकर चलें।
गाड़ी चलाने वालों को यह भी सलाह दी गई है कि वे ट्रैफिक के संकेतों और सड़कों पर तैनात कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें। एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि जैसे-जैसे अधिकारी कानून-व्यवस्था की स्थिति का आकलन करेंगे, ट्रैफिक से जुड़ी पाबंदियों में तुरंत बदलाव हो सकता है।