Hathras Accident: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई जबकि 7 अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा यमुना एक्सप्रेस-वे पर 141वें माइलस्टोन के पास हुआ, जब एक डबल डेकर बस और एक वैन की टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन करीब 10 फीट दूर जा गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह टूट गया। बस के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना दिल्ली से राजस्थान के धौलपुर जा रही एक ईको वैन और नोएडा से गोरखपुर जा रही एक डबल डेकर बस के बीच हुई।
बताया जा रहा है कि बस चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी तेज रफ्तार के कारण बस बेकाबू हो गई। और वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा के अनुसार, यमुना एक्सप्रेसवे पर 141 माइलस्टोन के पास सुबह करीब 4:15 बजे एक दुर्घटना की सूचना मिली। पता चला कि दिल्ली से राजस्थान के धौलपुर जा रही एक ईको वैन को नोएडा से गोरखपुर जा रही एक डबल डेकर बस ने पीछे से टक्कर मार दी। ईको में कुल 13 लोग सवार थे।
उन्होंने आगे बताया कि पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, ईको का ड्राइवर सुरक्षित है, और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मृतकों में दिनेश (50), उनकी पत्नी सुनीता (48), विजय बघेल (27) और उनकी पत्नी पिंकी (26) की पहचान हो चुकी है। दो अन्य की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। और बस चालक से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह सामने आई है।