Twisha Sharma Case: भोपाल कोर्ट ने समर्थ सिंह को 7 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा, ट्विशा शर्मा के पति को अदालत में मिला VIP ट्रीटमेंट? पीड़ित परिवार का दावा

Twisha Sharma Death Case Updates: मॉडल एवं अभिनेत्री ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। ट्विशा (33) के परिवार ने उनके ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर मौत के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। वहीं, उनके पति समर्थ सिंह के परिवार का दावा है कि ट्विशा नशीले पदार्थों की आदी थीं

अपडेटेड May 23, 2026 पर 4:25 PM
Twisha Sharma Death Case Updates: अधिकारियों ने बताया कि पुलिस पूछताछ के लिए उनकी कस्टोडियल रिमांड मांगेगी

Twisha Sharma Death Case Updates: मॉडल से एक्ट्रेस बनीं ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में गिरफ्तार उनके पति समर्थ सिंह को शनिवार (23 मई) तड़के भोपाल लाया गया। पुलिस ने शनिवार को जबलपुर से गिरफ्तारी के बाद भोपाल की एक अदालत में दोपहर करीब 3 बजे पेश करके अपनी पत्नी ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी समर्थ सिंह का सात दिन का रिमांड हासिल कर लिया। सुनवाई के दौरान वकील संजय कुमार ने अदालत को बताया कि आरोपी जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। साथ ही सात दिनों तक पुलिस हिरासत में पूछताछ की मांग की।

इसके बाद अदालत ने पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। इससे पहले, समर्थ को कटारा हिल्स पुलिस स्टेशन से लाए जाने के बाद अदालत में पेश करने से पहले उसका मेडिकल टेस्ट किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस पूछताछ के लिए उनकी कस्टोडियल रिमांड मांगी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूर्व जज और भोपाल उपभोक्ता फोरम की चेयरपर्सन गिरिबाला सिंह के वकील बेटे समर्थ सिंह को शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे कटारा हिल्स पुलिस स्टेशन लाया गया।

इससे पहले भोपाल के पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया था, "उन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस पूछताछ के लिए उनकी रिमांड मांगेगी।" समर्थ सिंह के और उनकी मां के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद से वे एक हफ्ते से ज्यादा समय से फरार थे। उन्होंने शुक्रवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में दायर अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली। फिर जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर करने के लिए पेश हुए। उन्हें कोर्ट परिसर के बाहर ही गिरफ्तार कर लिया गया।


SIT प्रमुख और मिसरोद ACP रजनीश कश्यप ने शनिवार को बताया कि पुलिस आरोपी पति समर्थ की 7 दिन की रिमांड मांग सकती है। संभवतः कोर्ट की कार्यवाही के बाद मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। ट्विशा शर्मा के पारिवारिक वकील अनुराग श्रीवास्तव ने उस पर कड़ी आपत्ति जताई। श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि जब समर्थ सिंह ने उन्हें देखा, तो वह अदालत कक्ष से भाग निकले। फिर बाद में बार एसोसिएशन के कक्ष में जाकर बैठ गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूर्व जज गिरिबाला सिंह के बेटे सिंह को देर रात करीब 1 बजकर 59 मिनट पर कटारा हिल्स पुलिस थाने लाया गया। कोर्ट परिसर में गहमा-गहमी का माहौल रहा। गिरफ्तारी और मीडिया से बचने के लिए समर्थ सिंह चेहरे पर मास्क, चश्मा, टोपी और गमछा लपेटकर अपने साथी वकीलों के घेरे में इधर-उधर भागता नजर आया। इस बीच वकील अनुराग श्रीवास्तव और कुछ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के कैमरामैन ने समर्थ के समर्थक वकीलों पर धक्का-मुक्की करने का आरोप भी लगाया।

10 दिनों से फरार था आरोपी

आरोपी सिंह 10 दिन से फरार था। वह लगातार पुलिस से बच रहा था। उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने पर 30,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। समर्थ सिंह को शुक्रवार को जबलपुर पुलिस ने जबलपुर जिला न्यायालय परिसर से हिरासत में लिया था, जहां वह आत्मसमर्पण के लिए पहुंचा था।

इससे पहले दिन में समर्थ सिंह ने मध्यप्रदेश हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की अपनी याचिका वापस ले ली थी। इसके साथ ही समर्थ के पास आत्मसमर्पण करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। पुलिस ने गिरिबाला सिंह को तीसरा और अंतिम नोटिस जारी किया हैं क्योंकि वह कथित तौर पर पूछताछ के लिए पेश नहीं हुई थीं।

12 मई को ट्विशा का मिला था शव

33 साल की ट्विशा शर्मा का शव 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। ट्विशा के परिवार ने उसके ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता एवं दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की है।

दोबारा होगा पोस्टमार्टम

हाई कोर्ट ने ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने के उसके परिजनों के अनुरोध को शुक्रवार को स्वीकार कर लिया। अदालत ने साथ ही निर्देश दिया कि दूसरा पोस्टमार्टम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के डॉक्टरों की एक टीम द्वारा भोपाल में किया जाए। अदालत ने ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा की याचिका पर यह आदेश दिया है।

ये भी पढ़ें- अब गंडक नदी में नेपाल की नई करतूत ने बढ़ा दी टेंशन, भारत को बताए बिना मनमानी करने लगा ये काम

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।