Bandi Sanjay Kumar Son Arrested: केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे भगीरथ को पॉक्सो एक्ट मामले में तेलंगाना पुलिस ने शनिवार (16 मई) को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले बंडी संजय कुमार ने एक बयान जारी कर कहा था कि उन्होंने अपने बेटे को पुलिस के समक्ष पेश होने और जांच में सहयोग करने को कहा है। उन्होंने साथ ही कहा कि उनके बेटे का कहना है कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया है। हालांकि, तेलंगाना पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।"
बंडी संजय कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "सत्यमेव जयते। कानून और न्यायपालिका के प्रति पूर्ण सम्मान के साथ, आज मेरे बेटे बंडी भगीरथ को हमारे वकीलों के माध्यम से तेलंगाना पुलिस के समक्ष जांच के लिए पेश किया गया।" यह घटनाक्रम तेलंगाना हाई कोर्ट द्वारा मामले में भगीरथ को अंतरिम राहत देने से इनकार किए जाने के एक दिन बाद हुआ है।
कुमार ने शनिवार को कहा कि उन्होंने पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामले का सामना कर रहे अपने बेटे बंडी भगीरथ को पुलिस के समक्ष पेश होने और जांच में सहयोग करने को कहा है। बंडी संजय कुमार ने एक बयान में कहा कि उन्होंने पिछले सप्ताह शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद बेटे से पुलिस के साथ सहयोग करने के लिए कहा था।
सरेंडर में देरी क्यों हुई?
केंद्रीय मंत्री ने हालांकि कहा कि भगीरथ बार-बार कह रहा है कि उसने कोई गलत काम नहीं किया है। उसने अपने वकीलों के समक्ष इस संबंध में पुख्ता सबूत पेश किए हैं। बंडी संजय के मुताबिक, वकीलों का मानना था कि मामला खारिज कर दिया जाएगा और भगीरथ को जमानत मिल जाएगी, जिसके कारण देरी हुई।
हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में और देरी करना सही नहीं लगा। इसलिए वह खुद अपने बेटे को लेकर आए और जांच के लिए उसे पुलिस के हवाले कर दिया। कुमार ने कहा, "हालांकि कोर्ट के आदेश सोमवार को आने की उम्मीद है। फिर भी न्यायपालिका के प्रति सम्मान दिखाते हुए और किसी भी तरह की और देरी से बचने के लिए मैंने अपने बेटे को जांच के लिए भेज दिया।"
पुलिस ने भगीरथ के खिलाफ 8 मई को भारतीय न्याय संहिता (BNS) और बच्चों का यौन अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। शिकायत 17 वर्षीय लड़की की मां ने दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि भगीरथ के उसकी बेटी के साथ संबंध थे और उसने लड़की का यौन उत्पीड़न किया है।
लड़की की मां की शिकायत के आधार पर भगीरथ के खिलाफ एक लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया। FIR के मुताबिक, भगीरथ उस लड़की के साथ रिलेशनशिप में था और उसने उसका यौन उत्पीड़न किया था। लड़की ने उस पर गलत तरीके से छूने और उसे जबरदस्ती शराब पिलाने का भी आरोप लगाया है।
इस बीच, भगीरथ ने भी एक जवाबी शिकायत दर्ज कराई है। उसने कहा है कि लड़की उसे अपने परिवार के कार्यक्रमों और पार्टियों में बुलाती थी। इसके बाद उसके परिवार वालों ने भगीरथ पर उससे शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया और उससे 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने लगे।
भगीरथ के खिलाफ बड़े पैमाने पर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद तेलंगाना हाई कोर्ट ने उसे कोई राहत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि वह इस स्टेज पर कोई भी अंतरिम आदेश देने के पक्ष में नहीं है। तेलंगाना रक्षा सेना (TRS) की प्रमुख के. कविता ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार को उनके मंत्री पद से हटाने की मांग की, ताकि कथित POCSO मामले में निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच सुनिश्चित की जा सके।