यूपी चुनाव 2027 के लिए बना तीसरा मोर्चा! ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टी मे हुआ गठबंधन, जानें- कितने सीटों पर लड़ेंगे
UP Elections 2027: यूपी की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नए सियासी मोर्चे की तैयारी तेज हो गई है। आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच गठबंधन की खबर है। दोनों नेता 12 नवंबर को लखनऊ में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तीसरे मोर्चे के नाम और रणनीति का ऐलान कर सकते हैं
UP Elections 2027: गठबंधन करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है
UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले यूपी के चुनावी मैदान में अब एक नया गठबंधन यानी तीसरा मोर्चा उतरने की तैयारी में है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हाथ मिला लिया है। दोनों नेताओं के बीच गठबंधन लगभग फाइनल हो चुका है। सूत्रों ने बताया कि कल यानी गुरुवार, 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका औपचारिक ऐलान किया जाएगा।
इस नए गठबंधन को तीसरे मोर्चे के तौर पर पेश किया जा रहा है। हमारे सहयोगी न्यूज 18 हिंदी की मुताबिक, यह मोर्चा उत्तर प्रदेश की करीब 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। अगर यह गठबंधन आकार लेता है, तो यूपी में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के मुकाबले एक नया राजनीतिक समीकरण बन सकता है।
लखनऊ में होगा तीसरे मोर्चे का ऐलान
News18 की रिपोर्ट के मुताबिक, चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी गुरुवार दोपहर 12 बजे लखनऊ के दयाल पैराडाइज होटल में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसी दौरान गठबंधन के नाम और आगे की रणनीति का खुलासा किया जाएगा। दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। इस मोर्चे में दूसरे नेताओं और राजनीतिक दलों को भी शामिल करने की कोशिश की जा रही है। अगर यह गठबंधन अपने मौजूदा स्वरूप में चुनावी मैदान में उतरता है, तो यूपी की सियासत में एक नया राजनीतिक विकल्प सामने आ सकता है।
150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
नए मोर्चे की नजर उत्तर प्रदेश की करीब 150 विधानसभा सीटों पर है। गठबंधन का मकसद यूपी में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करना और चुनावी मुकाबले में तीसरी ताकत के रूप में उभरना है। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बीजेपी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के बीच मुकाबले में इस नए गठबंधन की एंट्री चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। हालांकि, सीटों का बंटवारा, उम्मीदवारों का चयन और गठबंधन की डिटेल्स रणनीति का ऐलान होना अभी बाकी है।
अखिलेश यादव और कांग्रेस से नहीं बनी बात!
असदुद्दीन ओवैसी इससे पहले भी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गठबंधन की संभावनाएं तलाश चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन बनाने की कोशिश की थी। लेकिन दोनों दलों की ओर से कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई गई। इसके बाद अब AIMIM और आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन का रास्ता साफ हुआ है। ओवैसी के लिए यूपी का चुनावी मैदान नया नहीं है, लेकिन अब तक यहां उनकी पार्टी को कोई बड़ी चुनावी सफलता नहीं मिली है।
2017 और 2022 में कैसा रहा ओवैसी की पार्टी का प्रदर्शन?
असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने इससे पहले दो बार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई है:-
2017 विधानसभा चुनाव: AIMIM ने 38 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। लेकिन पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी। रिपोर्ट के मुताबिक, सभी सीटों पर उसके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।
2022 विधानसभा चुनाव: ओवैसी की पार्टी ने अपना दायरा बढ़ाते हुए करीब 100 से 103 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। इसके बावजूद AIMIM को कोई सीट हासिल नहीं हुई।
अब 2027 के चुनाव में चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन करके ओवैसी एक बार फिर यूपी में अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने की कोशिश करेंगे।
AIMIM प्रवक्ता ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना
इस गठबंधन की चर्चा के बीच AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान का बयान भी सुर्खियों में है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि हमारे संदेश को ठुकराने का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने खुद को बैरिस्टर ओवैसी का सिपाही बताते हुए कहा कि वह उसी भाषा में जवाब देना जानते हैं, जिस भाषा में सवाल पूछा जाता है।
इतना ही नहीं, उन्होंने अखिलेश यादव को उनके ग्रेजुएशन के विषय से जुड़े 'बेल क्रैंक लीवर' और स्ट्रक्चरल एनालिसिस पर खुली बहस की चुनौती भी दी। शादाब चौहान के इस बयान से यूपी की सियासत में जुबानी जंग तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
यूपी चुनाव में कितना असर डालेगा यह गठबंधन?
उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातीय और सामाजिक समीकरण चुनावी नतीजों को प्रभावित करते रहे हैं। ऐसे में चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी का साथ आना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। दोनों नेताओं की अपनी-अपनी राजनीतिक पहचान और समर्थक वर्ग है। हालांकि, इस गठबंधन का चुनाव पर कितना असर पड़ेगा, यह उम्मीदवारों के चयन, सीटों के बंटवारे और जमीनी स्तर पर मिलने वाले समर्थन पर निर्भर करेगा।
फिलहाल सभी की निगाहें 12 नवंबर को होने वाली जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां तीसरे मोर्चे के नाम और चुनावी रणनीति से पर्दा उठ सकता है। यूपी की सियासत में अब सवाल यही है कि क्या चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी की जोड़ी 2027 के चुनाव में नया सियासी समीकरण बनाएगी या फिर यह गठबंधन सिर्फ वोटों के गणित तक सीमित रह जाएगा? यह तो अगले साल ही पता चल पाएगा।