UP SIR Draft Voter List: यूपी में नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी! अब कुल 13.58 करोड़ मतदाता, 18 लाख से अधिक नए वोटर जुड़े

UP SIR Draft Voter List 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मंगलवार (17 नवंबर) को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि इस लिस्ट में कुल 13.58 करोड़ मतदाता शामिल हैं। इनमें 7.38 करोड़ पुरुष, 6.20 करोड़ महिलाएं और 4,042 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। खास बात यह है कि स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) के दौरान 18.84 लाख से अधिक मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी हुई है

अपडेटेड Nov 17, 2026 पर 1:27 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UP SIR Draft Voter List 2027: नई वोटर लिस्ट में करीब 13.58 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल हैं

UP SIR Draft Voter List 2027: उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग ने मंगलवार (17 नवंबर) को 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपनी नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नई वोटर लिस्ट में करीब 13.58 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल हैं, जिनमें 6.20 करोड़ महिलाएं हैं। उन्होंने बताया कि इनमें 7.38 करोड़ पुरुष, 6.20 करोड़ महिलाएं और 4,042 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। खास बात यह है कि स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) के दौरान 18.84 लाख से अधिक मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है।

अब वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने, हटवाने और डिटेल्स में संशोधन कराने के लिए एक और अवसर मिलेगा। इससे मतदाताओं को यह जांचने का एक और मौका मिलेगा कि उनका नाम वोटर लिस्ट में है या नहीं। साथ ही, 4 जनवरी 2027 को फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने से पहले, वे इसमें सुधार करवा सकते हैं या अपना नाम जुड़वा सकते हैं। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की आखिरी तारीख 16 दिसंबर तय की है।

यूपी में कुल 13,58,68,905 मतदाता


प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नवदीप रिणवा ने बताया कि स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) 2027 के तहत जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कुल 13,58,68,905 मतदाता हैं। इनमें 7,38,58,510 पुरुष, 6,20,06,353 महिलाएं और 4,042 थर्ड-जेंडर मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस ड्राफ्ट लिस्ट में 18-19 आयु वर्ग के 11,83,352 मतदाता भी शामिल हैं। रिणवा ने कहा कि दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगी। उन्होंने आगे बताया कि 28 दिसंबर तक सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा कर दिया जाएगा, जिसके बाद 4 जनवरी 2027 को फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी।

रिणवा ने बताया कि 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) के बाद 10 अप्रैल 2026 को जारी फाइनल मतदाता सूची की तुलना में इस ड्राफ्ट लिस्ट में कुल 18,84,113 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि इनमें महिला मतदाताओं की संख्या में 10,96,828 की बढ़ोतरी हुई है। जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7,87,449 की वृद्धि दर्ज की गई है।

थर्ड-जेंडर मतदाताओं की संख्या में गिरावट

वहीं, इस दौरान थर्ड-जेंडर मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी आई है। उन्होंने आगे बताया कि 18 से 19 साल की उम्र के मतदाताओं की संख्या अप्रैल में 17,63,360 थी, जो नवंबर में घटकर 11,83,352 रह गई है। यानी इसमें 5,80,008 नामों का अंतर आया है। रिनवा ने कहा कि वोटर लिस्ट में जेंडर रेशियो में सुधार हुआ है। अब प्रति 1,000 पुरुष मतदाताओं पर महिलाओं की संख्या 834 से बढ़कर 840 हो गई है। वहीं, मतदाता-जनसंख्या अनुपात भी मामूली रूप से 55.17 प्रतिशत से बढ़कर 55.95 प्रतिशत हो गया है।

पहले कितने वोटर्स थे?

यूपी में 10 अप्रैल को जारी एसआईआर की फाइनल वोटर लिस्ट में कुल 13.39 करोड़ मतदाता दर्ज थे। इसके मुकाबले पिछले सात महीनों में करीब 18 लाख से अधिक मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। ड्राफ्ट लिस्ट पर 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को फाइनल वोटर लिस्ट जारी होगी।

10 अप्रैल 2026 को जारी पिछली फाइनल लिस्ट (जिसमें 13.39 करोड़ वोटर थे) के मुकाबले पिछले सात महीनों में राज्य में करीब 19 लाख नए वोटर्स बढ़े हैं। इनमें पुरुष मतदाता 7.38 करोड़ और महिला वोटर्स की संख्या 6.20 करोड़ है। नवदीप रिणवा ने 2026 की अनुमानित पात्र आबादी के साथ ड्राफ्ट लिस्ट की तुलना करते हुए बताया कि राज्य में अभी भी लगभग 2.58 करोड़ पात्र नागरिकों के नाम वोटर लिस्ट में जुड़ना बाकी हैं।

सत्यापन के लिए 20 नवंबर तक बूथ स्तर पर चलेगा अभियान

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने सोमवार को घोषणा की थी कि 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत, चुनाव आयोग 'स्पेशल समरी रिवीजन-2027' (SSR) के हिस्से के रूप में सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ-स्तरीय सत्यापन अभियान चलाएगा। यह अभियान 17 नवंबर से 20 नवंबर तक चलेगा। रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस अभियान के दौरान मतदाता सूचियों की गहन जांच और सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी तरह की विसंगति को सुधारा जा सके।

इस प्रक्रिया के तहत, बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) अपने-अपने मतदान केंद्रों की पूरी वोटर लिस्ट की समीक्षा करने के लिए एक 'टेबल-टॉप एक्सरसाइज' (समीक्षा प्रक्रिया) करेंगे। साथ ही, BLO पर्यवेक्षक अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी बूथों की वोटर्स लिस्ट का व्यापक सत्यापन करेंगे। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को प्रत्येक BLO को वोटर लिस्ट का मसौदा (ड्राफ्ट) उपलब्ध करा दिया जाएगा। समीक्षा के दौरान मतदाताओं के नाम, उनके पिता या पति के नाम, रिश्तेदारों के डिटेल्स और उम्र से जुड़ी गलतियों को सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा, उन गलतियों की पहचान की जाएगी जहां मतदाता की उम्र असामान्य रूप से अधिक दर्ज है।

ये भी पढ़ें- Rahul Gandhi Girlfriend: कौन हैं राहुल गांधी की गर्लफ्रेंड? कांग्रेस नेता ने पहली बार सुनाई अपनी सीक्रेट स्टोरी

साथ ही, अधिकारी यह भी सत्यापित करेंगे कि वोटर लिस्ट में दर्ज जेंडर, मतदाता के नाम और तस्वीर से मेल खाता है या नहीं। मतदाताओं के रिश्तेदारों के जेंडर संबंधी डिटेल्स की भी जांच की जाएगी। इस प्रक्रिया में वोटर लिस्ट में क्षेत्रीय और स्थानीय भाषाओं के उपयोग की समीक्षा भी शामिल होगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अन्य राज्यों की भाषाएं गलती से या अनावश्यक रूप से इसमें शामिल न हो गई हों। जो तस्वीरें धुंधली, अस्पष्ट या खराब गुणवत्ता वाली होंगी, उन्हें भी चिह्नित किया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।