UP Weather Alert: यूपी में चक्रवात 'अर्नब' का असर! इन 8 जिलों में 29-30 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट, 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
UP Weather Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है
UP Weather Alert: यूपी के 8 जिलों में 29-30 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने प्रचंड चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम में इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की आशंका है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
चक्रवात 'अर्नब' का यूपी में दिखेगा असर
मौसम विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 'अर्नब' 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यानम के तट के पास बापटला एवं विशाखापत्तनम के बीच से अति प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में गुजरा। इसके बाद यह कमजोर होकर प्रचंड चक्रवाती तूफान की कैटेगरी में आ गया। पूर्वानुमान के मुताबिक, यह मौसम तंत्र अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर हो सकता है।
इसके आगामी छह घंटों में चक्रवाती तूफान और उसके बाद अगले छह घंटों में गहन अवदाब में बदलने की संभावना जताई गई है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव और इसके साथ आने वाले दो पश्चिमी विक्षोभों की संभावित प्रतिक्रिया के कारण उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को व्यापक स्तर पर बेमौसम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
29 अक्टूबर को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इन जिलों और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण जलभराव और दैनिक गतिविधियों में परेशानी हो सकती है। बहुत भारी बारिश की संभावना वाले राज्यों की लिस्ट:-
- प्रयागराज
- सोनभद्र
- मिर्जापुर
- चंदौली
- वाराणसी
- संत रविदास नगर (भदोही)
- गाजीपुर
भारी बारिश की संभावना वाले जिले
चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, सुल्तानपुर और अंबेडकर नगर सहित आसपास के इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
30 अक्टूबर को भी जारी रह सकता है बारिश का दौर
30 अक्टूबर को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच में बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोंडा, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या और अंबेडकर नगर में भारी बारिश हो सकती है।
50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
बारिश के साथ तेज हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है। इन परिस्थितियों का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस और आगरा सहित कई क्षेत्रों में भी पड़ सकता है। इसके अलावा बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर और संभल समेत अन्य जिलों में भी तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
लखनऊ समेत इन जिलों में भी सतर्कता जरूरी
मौसम विभाग की चेतावनी में लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, रायबरेली, अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर सहित कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। 30 अक्टूबर को भी कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
यूपी में 6 से 9 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश के अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इससे दिन के समय गर्मी से राहत मिल सकती है, हालांकि बारिश, तेज हवा और बादलों के कारण मौसम अस्थिर बना रहेगा। तापमान में गिरावट का वास्तविक असर अलग-अलग जिलों में स्थानीय मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
31 अक्टूबर और 1 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 31 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्यतः राहत की ओर बढ़ सकता है और किसी विशेष चेतावनी का उल्लेख नहीं है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रह सकती है। 1 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक हो सकती है।