UPAVP दे रहा दिवाली पर सस्ता घर खरीदने का मौका, गाजियाबाद में पाएं ₹29.83 लाख में 1-BHK फ्लैट

दिवाली के मौके पर अगर आप दिल्ली-NCR में अपना घर खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो गाजियाबाद की ब्रह्मपुत्र एन्क्लेव हाउसिंग स्कीम आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की इस योजना में रेडी-टू-मूव 1-BHK फ्लैट 29.83 लाख रुपये से शुरू हो रहे हैं।

अपडेटेड Oct 13, 2026 पर 9:11 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UPAVP दे रहा दिवाली पर सस्ता घर खरीदने का मौका, गाजियाबाद में पाएं ₹29.83 लाख में 1-BHK फ्लैट

दिवाली के मौके पर अगर आप दिल्ली-NCR में अपना घर खरीदने का सपना पूरा करना चाहते हैं, लेकिन बजट ज्यादा नहीं है, तो गाजियाबाद की ब्रह्मपुत्र एन्क्लेव हाउसिंग स्कीम आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद (UPAVP) की इस योजना में रेडी-टू-मूव 1-BHK फ्लैट 29.83 लाख रुपये से शुरू हो रहे हैं। यानी आप बिना निर्माण पूरा होने का इंतजार किए अपने घर में शिफ्ट होने की योजना बना सकते हैं।

यह प्रोजेक्ट गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार में स्थित है। योजना के तहत कुल 277 फ्लैट रखे गए थे, जिनमें से अब 57 फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। सभी फ्लैट का क्षेत्रफल 47.73 वर्ग मीटर है, जबकि इनकी कीमत 29.83 लाख रुपये से 36.40 लाख रुपये के बीच है।

पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर फ्लैट बुकिंग


यहां फ्लैट की बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर ऑनलाइन की जा रही है। सिद्धार्थ विहार से NH-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी मिलती है। ऐसे में दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में काम करने वाले लोगों के लिए यह लोकेशन उपयोगी हो सकती है। हालांकि, घर खरीदने से पहले अपने ऑफिस की दूरी और रोजाना आने-जाने में लगने वाले समय का आकलन जरूर करें।

इस प्रोजेक्ट का UP-RERA रजिस्ट्रेशन नंबर UPRERAPRJ7935 है। फ्लैट बुक करने से पहले आधिकारिक पोर्टल पर यह जरूर देख लें कि कौन-से फ्लैट उपलब्ध हैं, शुरुआत में कितनी रकम देनी होगी और बाकी भुगतान कब तक करना है। इसके अलावा, बुकिंग रद्द करने और पैसे वापस मिलने से जुड़ी शर्तों को भी अच्छी तरह समझ लें।

फ्लैट पसंद आने के बाद उसका नंबर और फ्लोर देखने के साथ पानी-बिजली की सुविधा, हवा और रोशनी आने की व्यवस्था और रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच जरूर करें। इससे बाद में होने वाली परेशानियों से बचने में मदद मिल सकती है।

निवेश से पहले आसपास की प्रॉपर्टी की कीमतें जरूर जांचें

अगर आप इस फ्लैट को निवेश के मकसद से खरीद रहे हैं, तो फैसला लेने से पहले आसपास के इलाकों में प्रॉपर्टी की कीमतों और किराये की मांग का भी पता लगाएं। भविष्य में फ्लैट को बेचने पर कितनी कीमत मिल सकती है, इसका भी अंदाजा लगाएं। ध्यान रखें कि सरकारी हाउसिंग स्कीम या अच्छी कनेक्टिविटी होने भर से प्रॉपर्टी की कीमत बढ़ने या मुनाफा मिलने की गारंटी नहीं होती।

फ्लैट की उपलब्धता, कीमत और बुकिंग से जुड़ी पूरी जानकारी के लिए UPAVP की आधिकारिक पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: Delhi Traffic Advisory October 13: दिल्ली में आज इन 22 रास्तों पर प्रभावित हो सकती है ट्रैफिक, देखें पूरी लिस्ट

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।