मध्य-पूर्व में जारी युद्ध के बीच भारत के लिए चिंताजनक खबर सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को पुष्टि की कि इस संघर्ष के दौरान दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि ये घटनाएं, तब हुईं जब भारतीय नागरिक उन व्यापारिक जहाजों (मर्चेंट वेसल) पर सवार थे, जो संघर्ष वाले समुद्री इलाकों में हमले का शिकार हो गए। उन्होंने कहा कि सरकार इन घटनाओं से दुखी है और मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है।
