Uttarkashi: 'हम 11 लोग थे अब किसी का पता नहीं...', मलबे से घायल निकले शख्स ने सुनाई दर्दनाक आपबीती

Uttarkashi Cloudburst: खीर गंगा नदी में अचानक आई बाढ़ ने हर्षिल के धराली गांव में घरों और होटलों सहित कई इमारतों को तबाह कर दिया है। भारतीय सेना, IAF, ITBP, NDRF, SDRF और अन्य एजेंसियां यहां रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई हैं

अपडेटेड Aug 08, 2025 पर 3:51 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Uttarkashi Cloudburst News: धराली में अचानक आई बाढ़ ने एक झटके में पूरे गांव को तबाह कर दिया।

Uttarkashi Cloudburst: उत्तराखंड के उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने एक झटके में पूरे गांव को तबाह कर दिया। बादल फटने के बाद अचानक आई भयंकर बाढ़, घरों और मकानों को तिनके की तरह बहा ले गया। बादल फटने से ऐसा मंजर सामने आया, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाए। वहीं हादसे के तीन दिन बाद भी इलाके में लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। हादसे से बचकर निकले लोगों ने हैरान कर देने वाली आपबीती सुनाई है।


बचता दें कि, खीर गंगा नदी में अचानक आई बाढ़ ने हर्षिल के धराली गांव में घरों और होटलों सहित कई इमारतों को तबाह कर दिया है। भारतीय सेना, IAF, ITBP, NDRF, SDRF और अन्य एजेंसियां यहां रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई हैं। भारतीय सेना धराली और हर्षिल में रेस्क्यू ऑपरेसन के लिए डॉग स्क्वॉड, ड्रोन, ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार और अन्य उपकरणों का उपयोग कर रही है।

वहीं धराली में अचानक आई बाढ़ के पीड़ितों को बचाने में मदद कर रहे एक निवासी लाल बाबू शर्मा कहते हैं, "जब यह आपदा आई, तब 11 लोग हमारे साथ काम कर रहे थे। उन 11 लोगों का कोई पता नहीं चल पाया है। हम प्रशासन से अनुरोध करते हैं कि उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने में मदद करें।" वहीं अचानक आई बाढ़ के पीड़ितों को बचाने में मदद कर रहे एक निवासी उपेंद्र कहते हैं, "मैं घटना के पाँच मिनट बाद ही यहां आ गया था। यहां किसी के बचने की कोई संभावना नहीं थी। हमने लोगों को बचाने की पूरी कोशिश की... लेकिन यह जगह पूरी तरह मलबे से ढकी हुई थी... हमारे 12-13 लोग लापता हैं।"

बचाए जाने के बाद एक पीड़ित ने कहा, "जब आपदा आई, तब मैं अपनी दुकान में था। हम बच नहीं सके... ऊपर से एक तार टूटकर गिर गया, जिससे मुझे यह चोट लग गई... कितने लोग फंस गए, इसकी कोई गिनती नहीं है।" एक और पीड़ित ने कहा, "मुझे घर से फोन आया, तो मैं पहाड़ी से नीचे आया और देखा कि सब कुछ तबाह हो गया था। कई लोग लापता हैं। मेरे ससुर का भी कोई पता नहीं। हमारा घर बह गया। हमारा सारा सामान उसमें था। सब कुछ खत्म हो गया... हम बस अपनी जान बचाने के लिए भागे थे।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।